बेगूसराय | 05 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में गुरुवार को उद्योग टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं— पीएमएफएमई (PMFME), पीएमईजीपी (PMEGP), पीएम विश्वकर्मा योजना तथा मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी योजना (MMUY) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समयबद्ध ऋण स्वीकृति पर दिया गया जोर: बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी चयनित लाभार्थियों को समय पर ऋण स्वीकृति एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति संभव हो सके।
6 फरवरी को लगेगा ऋण स्वीकृति एवं वितरण मेगा कैंप: जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि बिहार सरकार के उद्योग विभाग के निर्देशानुसार 06 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को अपराह्न 01:30 बजे से कारगिल विजय सभा भवन, समाहरणालय परिसर, बेगूसराय में विशेष ऋण स्वीकृति एवं वितरण मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप जिले के युवाओं, महिला उद्यमियों एवं संभावित उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
चयनित लाभार्थियों को मौके पर मिलेगा लाभ: मेगा कैंप के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP-1 एवं 2), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभाएंगी योजनाएं: जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार आधारित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिले के आर्थिक सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। बैठक में उद्योग विभाग के पदाधिकारी, संबंधित बैंक प्रतिनिधि एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।





Total views : 69935