आांकक्षी जिला कार्यक्रम के तहत नीति आयोग द्वारा जारी जनवरी 2025 की डेल्टा रैंकिंग में बेगूसराय जिले ने एक बार फिर अपनी विकासात्मक प्रतिबद्धता को सिद्ध करते हुए देश के 112 आकांक्षी जिलों में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
बेगूसराय। 28, जून, 2025
आांकक्षी जिला कार्यक्रम के तहत नीति आयोग द्वारा जारी जनवरी 2025 की डेल्टा रैंकिंग में बेगूसराय जिले ने एक बार फिर अपनी विकासात्मक प्रतिबद्धता को सिद्ध करते हुए देश के 112 आकांक्षी जिलों में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। शुक्रवार को नीति आयोग द्वारा आयोजित एक ऑनलाइन समीक्षा बैठक में यह जानकारी साझा की गई।बैठक के दौरान बेगूसराय जिले की बहुआयामी प्रगति की विशेष रूप से सराहना की गई, जिसमें स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में हासिल की गई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ शामिल हैं। बता दें कि बेगूसराय जिला इससे पहले अगस्त में भी कई बार सम्पूर्ण क्षेत्र में शीर्ष प्रदर्शन करने के साथ अलग-अलग क्षेत्र विशेष यथा स्वास्थ पोषण, शिक्षा, आधारभूत संरचना ,कृषि ,वित्तीय समावेश भी अव्वल आया है। नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिलों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। समग्र रूप से शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों को 10 करोड़ की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है, जबकि किसी एक विशिष्ट क्षेत्र में शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिले को 3 करोड़ की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाता है। बेगुसराय को यह 3 करोड़ का पुरस्कार आधारभूत संरचना में उसके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिलेगा।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी बेगूसराय तुषार सिंगला द्वारा जिले की संपूर्ण प्रशासनिक टीम, सभी विभागीय अधिकारियों और विशेष रूप से जिले के जागरूक नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान बेगूसराय जिले के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। हम सभी मिलकर इस गति को बनाए रखने और जिले के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेंगे।यह सफलता आकांक्षी जिला कार्यक्रम के मूलभूत उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में बेगूसराय जिले की मजबूत इच्छाशक्ति, प्रभावी कार्यप्रणाली और सतत प्रयासों का स्पष्ट प्रमाण है। जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी लग्न और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए कृत संकल्पित है, ताकि बेगूसराय विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।







Total views : 75819