लोहियानगर में संगठन व चुनावी प्रदर्शन की हुई समीक्षा
बेगूसराय। 15 दिसम्बर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आम आदमी पार्टी (AAP) बेगूसराय के प्रमुख कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक लोहियानगर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के वरीय नेता रामाश्रय पासवान ने की। इस अवसर पर संगठनात्मक स्थिति के साथ-साथ हालिया विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा की गई।
संगठन मजबूत करने पर दिया गया जोर: बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त एवं जन-उपयोगी बनाने पर बल दिया। इसी क्रम में सर्वसम्मति से पूर्व निगम पार्षद जितेन्द्र राय को पार्टी का संयोजक नियुक्त किया गया। वहीं, रामाश्रय पासवान एवं सुनील सिन्हा को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बुलडोजर अभियान की निंदा, पुनर्वास की मांग: इसके अलावा, बैठक में सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार के बुलडोजर अभियान की निंदा की गई। पार्टी के पूर्व जिला प्रभारी शिवदयाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी अवैध अतिक्रमण हटाने का विरोध नहीं करती, लेकिन जिन लोगों के पास वास्तव में आवास नहीं है, उनके लिए तत्काल एवं सम्मानजनक पुनर्वास की मांग करती है।
वेंडर जोन बनाने की उठी मांग: एक अन्य प्रस्ताव में जिला प्रशासन एवं नगर निगम प्रशासन से नगर निगम क्षेत्र में वेंडर जोन बनाए जाने की मांग की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि इससे रोज कमाने-खाने वाले छोटे दुकानदारों और ठेला-फड़ व्यवसायियों का रोजगार सुरक्षित रह सकेगा। अंततः प्रशासन से इन मांगों को लेकर पार्टी प्रतिनिधिमंडल के मिलने का निर्णय भी लिया गया।
इन नेताओं की रही मौजूदगी: बैठक में शिवदयाल, अभिषेक जायसवाल, जितेन्द्र राय, अविनव कुमार, रामाश्रय पासवान, सुनील सिन्हा, सिकंदर पटेल, राजेन्द्र रजक, छोटू कुमार, दिव्यरंजन, श्रवण यादव, सिकंदर कुमार, राजेश कमाल, संजर आलम, राजेश चौधरी, रामरतन ठाकुर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Total views : 63026