बेगूसराय, 30 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता हासिल कर बेगूसराय का नाम रोशन करने वाले अभ्यर्थियों को आज समाहरणालय परिसर में सम्मानित किया गया। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक मनीष ने संयुक्त रूप से सफल उम्मीदवारों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। सम्मानित अभ्यर्थियों में सुश्री रुचि सिंह (रैंक–171) एवं नीतीश कुमार (रैंक–305) शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि रुचि सिंह वर्तमान में पंचायती राज पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि नीतीश कुमार कर्नल के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दोनों की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता: इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना अत्यंत गौरव की बात है। इन अभ्यर्थियों ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इनकी सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और लक्ष्य के प्रति दृढ़ निश्चय से किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।





Total views : 77509