बेगूसराय। 8 मार्च 2026 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, कला एवं संस्कृति विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में कंकौल स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सम्मान समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रहे मुख्य अतिथि: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री व बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने की। इस मौके पर नगर विधायक कुंदन कुमार , बेगूसराय की महापौर पिंकी देवी और उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया गया जोर: मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण देश और समाज के विकास की आधारशिला है। वहीं जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि महिला दिवस महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने का संदेश देता है तथा जिला प्रशासन महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चला रहा है।

विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को किया गया सम्मानित: कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, उद्यमिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां: इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों, छात्राओं और महिला समूहों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।







Total views : 73236