बेगूसराय, 19 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिला प्रशासन के कला एवं संस्कृति विभाग, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग तथा सुलोचना सामाजिक संस्थान (रंगमंडल) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय कला महोत्सव “अनुभूति – The Feelings” का शुभारंभ कंकौल स्थित प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी में भव्य रूप से हुआ। कार्यक्रम में कलाकारों और कला प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली।

कई गणमान्य कलाकारों की रही उपस्थिति: उद्घाटन सत्र में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम सहनी, वरिष्ठ कलाकार सुमन कुमार सिंह, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से आए कलाकार अमरेसर एवं उदय कुमार पंडित शामिल हुए। इसके अलावा रश्मि सिंह, पिंटू प्रसाद, विधान राही, नितीश पांडे और प्रयागराज से आए कलाकार सुजीत कुमार गुप्ता ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। स्थानीय कलाकारों में इंद्रमोहन प्रसाद, प्रवीण कुमार, मनीश कुमार कौशिक, अमर कुमार, ब्रेंद्र कुमार नागर और उमेश शर्मा के अलावे समीर शेखर, रविन्द्र मनोहर की सक्रिय भागीदारी रही।

कलाकारों ने किया सृजन, बच्चों को मिला प्रशिक्षण: उद्घाटन के बाद कलाकारों ने पूरे दिन अपनी-अपनी कला के सृजन में भाग लिया। इस दौरान अमरेसर ने टेराकोटा कला का परिचय देते हुए प्रतिभागियों को प्रशिक्षण भी दिया, जिससे खासकर बच्चों को नई कला सीखने का अवसर मिला।

चित्रकला प्रतियोगिता में 145 बच्चों ने लिया हिस्सा: महोत्सव के तहत स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए “बुजुर्गों के प्रति हमारा दायित्व” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के इस आयोजन में करीब 145 बच्चों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यह कला महोत्सव 19 मार्च से 22 मार्च 2026 तक विभिन्न कला गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा। इसमें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर लोगों को कला से जोड़ने का कार्य करेंगे।








Total views : 75483