बेगूसराय | 30 जनवरी, 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले के आकांक्षी प्रखंडों एवं पिछड़े क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शुक्रवार को प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, कंकौल में नीति आयोग के दिशा-निर्देशानुसार ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक सूचकांकों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित कर समावेशी विकास को गति देना है।

दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ: कार्यक्रम का उद्घाटन वस्त्र एवं कपड़ा मंत्री, भारत सरकार-सह-बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह, जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, विधान पार्षद सर्वेश सिंह, महापौर पिंकी देवी, उपमहापौर अनिता राय, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी एवं सहायक समाहर्ता अजय यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
विभागीय सहभागिता और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति: इस अवसर पर योजना, स्वास्थ्य, पंचायती राज, मनरेगा, शिक्षा, पशुपालन विभाग एवं पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों सहित अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, डीपीओ वीबी जी राम जी, जिला समन्वयक (लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान), जिले के सभी प्रखंड प्रमुख, ग्राम पंचायतों के मुखिया, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

चार आकांक्षी प्रखंड चिन्हित: जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि नीति आयोग द्वारा जिले के तेघड़ा, भगवानपुर, मंसूरचक एवं शाम्हो अकहा कुरहा को आकांक्षी प्रखंड के रूप में चिन्हित किया गया है। अभियान के अंतर्गत इन प्रखंडों में सामाजिक विकास से जुड़े छह प्रमुख सूचकांकों पर विशेष फोकस किया जाएगा।
इन प्रमुख सूचकांकों पर रहेगा जोर: अभियान के तहत 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को नियमित पूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों का सटीक वजन-लंबाई मापन, सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल, विद्यालयों में बालिकाओं के लिए क्रियाशील शौचालय तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार मवेशियों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाएगा।इसके साथ-साथ जिला स्तर पर शिशुओं का स्वस्थ जन्म वजन, टीबी अधिसूचना दर में वृद्धि, प्रत्येक आंगनवाड़ी में मासिक ग्राम स्वास्थ्य-स्वच्छता-पोषण दिवस, बालिका शौचालयों की उपलब्धता एवं कुल टीकाकृत पशुओं के प्रतिशत में वृद्धि जैसे मानकों को लक्ष्य बनाया गया है।
सांसद गिरिराज सिंह का संदेश: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि “संपूर्णता अभियान 2.0 केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता पर आधारित विकास का अभियान है।” उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ‘जी राम जी’ योजना के माध्यम से पंचायतों को स्वस्थ, स्वच्छ एवं आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पंचायत जो तय करेगी, वही कार्य सम्मिलित होगा तथा मजदूरों को 60 दिन का कार्य और 60 दिन का अवकाश देने की व्यवस्था भी की गई है।
ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति और सामूहिक शपथ: कार्यक्रम के दौरान अभियान के उद्देश्यों, रणनीतियों एवं अपेक्षित परिणामों पर आधारित ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति दिखाई गई। समापन अवसर पर सांसद द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अभियान की सफलता हेतु सामूहिक शपथ दिलाई गई। सेल्फी स्टैंड और हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से सभी ने जिले के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। अंत में उप विकास आयुक्त द्वारा धन्यवाद ज्ञापन किया गया।






Total views : 68930










