पद्मश्री श्याम शर्मा ने कहा – कला समाज में अनुशासन और सकारात्मक चेतना लाती है
बेगूसराय | 29 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में कला और संस्कृति को नई पहचान देते हुए “अभिव्यंजना” समकालीन कलाकारों की सामूहिक कला प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन सोमवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार के ख्यातिप्राप्त कलाकार पद्मश्री श्याम शर्मा ने प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, कंकौल, बेगूसराय में किया।

प्रशासन और कला मंच का संयुक्त प्रयास: यह आयोजन कला एवं संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन बेगूसराय तथा बिहार कला मंच, पटना के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में कला जगत और प्रशासन से जुड़े कई विशिष्ट अतिथि मंचासीन रहे, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई।

इन विशिष्ट अतिथियों की रही उपस्थिति: कार्यक्रम में अजय कुमार पांडेय (पूर्व प्राचार्य, कला एवं शिल्प महाविद्यालय, पटना), अंकित रंजन पाठक (कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, भागलपुर), श्याम कुमार सहनी (जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, बेगूसराय), मनोज कुमार बच्चन (संरक्षक, बिहार कला मंच), विरेंद्र कुमार सिंह (सचिव, बिहार कला मंच) तथा इन्द्रमोहन प्रसाद (संयोजक, बेगूसराय बिहार कला मंच) उपस्थित रहे।
अतिथियों का हुआ सम्मानपूर्वक स्वागत: कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पौधा भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर कला प्रेमियों और स्थानीय कलाकारों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

कला समाज को बेहतर दिशा देती है – पद्मश्री श्याम शर्मा: मुख्य अतिथि पद्मश्री श्याम शर्मा ने उद्घाटन संबोधन में कहा कि कला मनुष्य को अनुशासन सिखाती है और जब यह अनुशासन समाज में उतरता है, तो सामाजिक बेहतरी का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने इस प्रकार के आयोजनों को रचनात्मक चेतना और सकारात्मक सोच के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
राज्यभर के 50 कलाकारों की कृतियाँ प्रदर्शित: “अभिव्यंजना” समकालीन कला प्रदर्शनी में बेगूसराय सहित पटना, मुज़फ्फ़रपुर, दरभंगा, गया, भागलपुर, बक्सर, समस्तीपुर एवं वैशाली से आए कुल 50 कलाकारों की कलाकृतियाँ प्रदर्शित की गई हैं। बाहर से आए कलाकारों में मो. सुलेमान, मनोज कुमार सहनी, चंदन कुमार, सुनील चौधरी, मनीष मंजुल उपाध्याय, रंजन कुमार एवं शशि कुमार की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
“नशामुक्त भारत” विषय पर बच्चों की चित्रकला प्रतियोगिता: इसके साथ ही जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बेगूसराय के सहयोग से बच्चों के लिए “नशामुक्त भारत” विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया।
बेगूसराय के लिए ऐतिहासिक आयोजन: उल्लेखनीय है कि बेगूसराय जिले में पहली बार इतने व्यापक स्तर पर समकालीन कला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीष कौशिक, प्रवीण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, नीलू सिन्हा, मनीष कुमार, वीरेंद्र कुमार नागर, रविंद्र मनोहर, श्रीराम कुमार, अंशु कुमार सहित अनेक कलाकारों की सक्रिय भूमिका रही।






Total views : 68940










