बेगूसराय, 20 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार दिवस 2026’ के अवसर पर जिला प्रशासन, बेगूसराय द्वारा जिलेभर में विविध सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं खेलकूद कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर के लिए प्रशासन ने विस्तृत कार्यक्रम रूपरेखा तैयार की है, जिसका उद्देश्य आमजन में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता, गर्व और सहभागिता को बढ़ावा देना है।
19 मार्च से शुरू हुए कार्यक्रम, 23 मार्च तक जारी: कार्यक्रमों की श्रृंखला 19 मार्च से प्रारंभ हो चुकी है, जो 23 मार्च 2026 तक चलेगी। 19 से 21 मार्च तक कंकौल स्थित प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में त्रिदिवसीय कला कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
22 मार्च को प्रभात फेरी और मानव श्रृंखला: 22 मार्च की सुबह 06:15 बजे गांधी स्टेडियम से नवाब चौक होते हुए नगर निगम चौक तक भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद सुबह 07:00 बजे गांधी स्टेडियम परिसर में सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाएगा। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।
प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं और रक्तदान शिविर: इसी दिन पूर्वाह्न 10:00 बजे से कंकौल आर्ट गैलरी में भव्य प्रदर्शनी आयोजित होगी, जिसमें क्विज, पेंटिंग, रंगोली एवं निबंध प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं सामाजिक दायित्व के तहत सदर अस्पताल, बेगूसराय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।
सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा समापन: 23 मार्च को सायं 05:00 बजे कंकौल स्थित प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक एवं आधुनिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
डीएम ने की सहभागिता की अपील: जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और युवाओं से अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करता है।








Total views : 75751