बेगूसराय | 16 दिसंबर 2025 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय स्थित जी.डी. कॉलेज परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह के अवसर पर शिविर के दौरान आयोजित शैक्षणिक, रचनात्मक एवं कौशल विकास से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूरे सप्ताह की गतिविधियों का सारांश प्रस्तुत किया गया और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की गई।
प्राचार्य ने स्वयंसेवकों को दी शुभकामनाएं: कार्यक्रम में उपस्थित कॉलेज के प्राचार्य प्रो. भूपेंद्र नारायण ने कार्यक्रम पदाधिकारियों सहित सभी स्वयंसेवकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना का विकास करते हैं तथा भविष्य में भी इसी ऊर्जा के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
एनएसएस युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करता है: डॉ. सहर अफ़रोज : एनएसएस यूनिट-1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. सहर अफ़रोज ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं का सर्वांगीण विकास करना और उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना पैदा करना है। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने सेवा भाव, अनुशासन और नेतृत्व का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने कहा कि मेधा प्रतिभागियों का सम्मान अन्य स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
प्रतियोगिताओं से निखरी रचनात्मकता और टीम भावना: दिनेश कुमार: एनएसएस यूनिट-2 के कार्यक्रम पदाधिकारी दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सात दिवसीय शिविर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं ने स्वयंसेवकों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना को और मजबूत किया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वयंसेवकों के लिए सीख से भरा रहा शिविर: स्वयंसेवक सुमित कुमार ने कहा कि यह शिविर सभी स्वयंसेवकों के लिए यादगार और सीख से भरा अनुभव रहा। प्रतियोगिताओं और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से न केवल प्रतिभा को मंच मिला, बल्कि समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता भी और मजबूत हुई।
प्रतियोगिताओं के विजेता: 👉 आशु भाषण प्रतियोगिता: प्रथम: निशा कुमारी, द्वितीय: निशि रानी, तृतीय: प्रिंस केसरी 👉 भाषण प्रतियोगिता: प्रथम: मो. मिज़ान, द्वितीय: प्रिंस केसरी, तृतीय (संयुक्त): उज्ज्वल एवं अभिनव। 👉 फर्स्ट एड बॉक्स निर्माण: प्रथम: फलक, द्वितीय: याशमीन, तृतीय: कुलदीप। 👉 पोस्टर मेकिंग:प्रथम: याशमीन, द्वितीय: शुभ्रा लक्ष्मी, तृतीय (संयुक्त): फलक एवं श्रीराम। 👉 कविता पाठन: प्रथम: निशा कुमारी, द्वितीय: विक्रम राठौड़, तृतीय: कोमल। 👉 मेहंदी प्रतियोगिता: प्रथम: आसमां खातून, द्वितीय: शहनाज, तृतीय: निशि रानी। 👉 पाक कला प्रतियोगिता: प्रथम: शाहिन अनवर, द्वितीय: गुलशन कुमार, तृतीय: याशमीन। 👉 क्विज प्रतियोगिता: प्रथम: टीम एक, द्वितीय: टीम छह, तृतीय: टीम पाँच
मेडल व पुस्तकों से किया गया सम्मान: कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को मेडल और प्रतियोगी परीक्षाओं में सहायक पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शिविर की सफलता में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों, कार्यक्रम पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
j





Total views : 68965










