बेगूसराय | 7 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय स्थित गौशाला परिसर में शनिवार से एफएमडी (खुरपका-मुंहपका) टीकाकरण अभियान की विधिवत शुरुआत की गई। अभियान का उद्घाटन जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार कुमुद एवं गौशाला के सचिव विनोद हिसारिया ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अवर प्रमंडल पशुपालन पदाधिकारी डॉ. गिरीश कुमार सिन्हा, डॉ. ओमप्रकाश कुमार, डॉ. विपिन कुमार सहित अन्य पशु चिकित्सक एवं कर्मी मौजूद रहे।
27 फरवरी तक चलेगा टीकाकरण अभियान: जिला पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि यह टीकाकरण अभियान 27 फरवरी 2026 तक चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के सभी प्रखंडों में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें लगभग 5 लाख 38 हजार पशुओं को एफएमडी का टीका लगाया जाएगा।
क्या है FMD (खुरपका-मुंहपका) रोग: पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि FMD यानी Foot and Mouth Disease एक तेजी से फैलने वाला वायरल रोग है, जो गाय, भैंस, बकरी, भेड़ और सूअर जैसे खुर वाले पशुओं को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में मुंह में छाले, लार टपकना, खुरों में घाव, लंगड़ापन, बुखार, दूध उत्पादन में कमी और छोटे बछड़ों में मृत्यु की आशंका शामिल है।
क्यों जरूरी है एफएमडी टीकाकरण: एफएमडी टीकाकरण से पशु इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रहते हैं, संक्रमण के प्रसार पर रोक लगती है और पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाव होता है। यह टीकाकरण राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NADCP) के तहत निःशुल्क किया जा रहा है।






Total views : 69889