बेगूसराय |29 जनवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ई-रिक्शा संघ (एक्टू) के बैनर तले सैकड़ों ई-रिक्शा चालकों ने नगर निगम की कथित बेरुखी और सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ विशाल जुलूस निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह जुलूस माले कार्यालय, बड़ी पोखर से शुरू होकर कचहरी रोड, थाना चौक होते हुए हड़ताली चौक पहुंचा, जहां यह सभा में तब्दील हो गया।
नगर निगम और सरकार के खिलाफ गूंजे नारे: जुलूस में शामिल ई-रिक्शा चालक नगर निगम और बिहार सरकार के खिलाफ गगनभेदी नारे लगाते नजर आए। जुलूस का नेतृत्व संघ के संरक्षक राजेश श्रीवास्तव ने किया।
12 फरवरी की देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान: सभा को संबोधित करते हुए एक्टू के जिला प्रभारी चन्द्रदेव वर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार गरीबों और मजदूरों को निशाना बनाकर अमीरों की सेवा में लगी हुई है। उन्होंने मोदी–नीतीश सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 फरवरी को प्रस्तावित देशव्यापी आम हड़ताल को ऐतिहासिक बनाने के लिए रिक्शा चालकों से एकजुट होकर सड़कों पर उतरने की अपील की। संघ के संरक्षक राजेश श्रीवास्तव ने नगर निगम पर आरोप लगाते हुए कहा कि ई-रिक्शा चालकों से पार्किंग कई स्थानों पर जबरन बैरियर वसूली जारी है, जिसकी जानकारी प्रशासन को होने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
बुनियादी सुविधाओं की मांग: उन्होंने नगर निगम और जिला प्रशासन से ई-रिक्शा चालकों के लिए रिक्शा स्टैंड, शौचालय-सह-विश्रामालय, सस्ती रोटी और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। संघ के अध्यक्ष रंजीत राज और सचिव कन्हैया लाल साह ने संयुक्त रूप से कहा कि एनएच-31 और एसएच-55 पर ई-रिक्शा परिचालन पर प्रतिबंध जैसे काले कानून को चालक कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने सरकार से इन मार्गों के किनारे सर्विस लेन निर्माण की मांग की, ताकि ई-रिक्शा परिचालन सुरक्षित और सुचारु हो सके। उन्होंने सड़कों की मरम्मत कर निर्बाध परिचालन की गारंटी देने की मांग की, अन्यथा आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में जितेन्द्र पासवान, शंकर महतो, संजीव पासवान, रंजीत पोद्दार, बिरो सिंह, रवि कुमार, अरविंद पासवान, बबलू ठाकुर, राजा सहित बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चालक शामिल रहे।






Total views : 68940










