नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। बेगूसराय। 29 नवंबर 2025।
सोनपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित शरण ने शनिवार को बेगूसराय रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के प्रमुख सलाहकार समिति सदस्य दिलीप कुमार सिन्हा ने डीआरएम से उनके सैलून में मुलाकात कर स्टेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
वार्ता के दौरान दिलीप कुमार सिन्हा ने बेगूसराय स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाएँ बहाल करने, हावड़ा के लिए ट्रेन सेवा शुरू करने, स्टेशन के उत्तर दिशा में प्लेटफार्म संख्या 4 और 5 को विकसित करने एवं टिकट घर का निर्माण शीघ्र कराने की मांग रखी। इसके साथ ही उन्होंने लोहिया नगर के पास लाइट फुट ओवरब्रिज (FOB) निर्माण कार्य को गति देने का आग्रह किया। बेगूसराय एवं जिले के अन्य प्रमुख स्टेशनों को दिनकर की कविताओं से सुसज्जित करने की पहल को भी आगे बढ़ाने का सुझाव दिया गया।
वार्ता में उठाए गए अन्य मुद्दों में बेगूसराय स्टेशन पर खराब पड़े शव बॉक्स की मरम्मत, प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पेयजल और शौचालय की मजबूत व्यवस्था बहाल करने की मांग शामिल रही।
डीआरएम अमित शरण ने सभी मांगों और सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्य आरंभ करने का आश्वासन दिया। जिले के यात्रियों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि बेगूसराय स्टेशन को जल्द ही बेहतर सुविधाओं से लैस किया जाएगा।






Total views : 68970










