
बेगूसराय। 6 जुलाई 2025
शाम्हो और मटिहानी के बीच गंगा पर पुल का निर्माण हो इसके लिए अब जनसुराज के नेता डॉ. रंजन कुमार चौधरी आमरण अनशन पर बैठेंगे। डॉ. चौधरी ने रविवार को एक प्रेस वार्ता करके इसकी घोषणा की। श्री चौधरी 8 जुलाई से समाहरणालय के दक्षिणी द्वार पर आमरण अनशन पर बैठेंगे। उनके साथ मटिहानी के दिलीप कुमार भी अनशन पर बैठेंगे। अनशन को बस परिवहन संघ के अध्यक्ष सुधीर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ भारद्वाज सहित अन्य लोग भी समर्थन कर रहे है। प्रेस वार्ता में डॉ. चौधरी ने कहा की शाम्हो पुल बन जाने से 40 हजार किसान व अन्य लोगों को इसका लाभ मिलेगा। लेकिन विगत 20 वर्षो से पुल के नाम पर सिर्फ जनता को ठगा जा रहा है। इस बार भी भारत सरकार के मंत्री नितिन गडगरी जी आये और बोले एक महीना के अंदर यहाँ पुल बनेगा लेकिन वो भी कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है जो कौमें न्याय के लिए आवाज नही उठाती, अपने हक के लिए खड़ा नही होती वो कालक्रम में मिट जाती हैं, समय साक्षी है कि मुट्ठी बांधने से इंकलाब नही होगा, बल्कि स्वयं की आहुति देनी होगी। उसी के तहत मैं शाम्हो पुल की बहु प्रतीक्षित मांग को ले कर आमरण अनशन का संकल्प धारण किया हूँ।आपका आशीर्वाद सहयोग और मेरा संकल्प, शाम्हो मटिहानी सेतु की आधारशिला का कारण बनेगा ऐसा पूर्ण विश्वास है मुझे। बेगूसराय शरीर है, तो मटिहानी दिल है, तो शाम्हो इसकी धड़कन है। यह सेतु दिल और धड़कन को जोड़ने का कारण बनेगा। वहीं प्रेस वार्ता में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हमारी भावनाओं के साथ हमेशा खेला गया है हम लोग पुल को लेकर ठगे गए हैं। मटिहानी और शाम्हो में पुल बहुत जरूरी है। जब चुनाव आता है तब पुल बनाने की घोषणा की जाती है, लेकिन बाद में कहीं कुछ नहीं नजर आता। बस परिवहन संघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि शाम्हो मटिहानी पुल राजनीति का शिकार हो गया। पुल का आज तक नहीं बनना जनप्रतिनिधि के लिए शर्म कि बात है। पता नहीं हमारे जनप्रतिनिधि किस तरह कि राजनीति करते है। क्या वें सिर्फ भोज खाने के लिए यहाँ आते है। दिलीप कुमार ने कहा कि मटिहानी गांव के दर्जनों गांव के लोग खेती, रोटी और मवेशी काम करते हैं। वें जिंदगी दांव पर लगाकर काम करते हैं। उनके जाने का कोई रास्ता नहीं है। नितिन गडकरी जी ने आश्वासन दिया था कि एक महीना के अंदर पुल बना देंगे तो उसका क्या हुआ। इसलिए अंतिम में हम सभी को आमरण अनशन पर बैठना होगा। जो 8 जुलाई से शुरू होगा।