
👉 मटिहानी प्रखंड और नगर निगम क्षेत्र के कई पंचायतों व वार्डों का निरीक्षण
👉 कौआकोल बांध, खोरमपुर, सिहमा और रामदीरी सहित बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में हालात का लिया जायजा
👉 पॉलीथिन शीट, सूखा राशन और पशु चारा की व्यवस्था का आदेश
👉 बिजली आपूर्ति बहाल करने और विद्युत पोल दुरुस्त करने के निर्देश
👉 जरूरतमंद इलाकों में नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश
बेगूसराय। 08 अगस्त 2025
गंगा नदी के बाढ़ से प्रभावित मटिहानी प्रखंड एवं नगर निगम क्षेत्र के कई इलाकों का शुक्रवार को जिला पदाधिकारी बेगूसराय तुषार सिंगला ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, महापौर पिंकी देवी, नगर आयुक्त, जिला आपदा पदाधिकारी, अंचल अधिकारी मटिहानी एवं बेगूसराय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।

जिला पदाधिकारी ने सबसे पहले मटिहानी प्रखंड के गोरगामा पंचायत स्थित कौआकोल बांध का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने खोरमपुर, सिहमा, रामदीरी-3, रामदीरी-4 पंचायतों के साथ-साथ नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 17, 18, 6 और 4 के बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए तत्काल पॉलीथिन शीट, सूखा राशन एवं पशु चारा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बिजली विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल करने और पोल की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों की निगरानी के लिए लगातार टीमें बनाकर स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने अंचल अधिकारियों और पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा जरूरतमंद क्षेत्रों में नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बाढ़ की स्थिति पर जिला प्रशासन की सतर्कता और राहत कार्यों की गति से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि समय रहते उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।