बेगूसराय, 16 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने सोमवार को जिले में संचालित बालिका गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
बालिकाओं से की बातचीत: निरीक्षण के क्रम में डीएम ने बालिकाओं से बातचीत कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई-लिखाई और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं को नियमित पढ़ाई करने और अपने भविष्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
पढ़ाई की बेहतर व्यवस्था के निर्देश: जिला पदाधिकारी ने जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा) को निर्देश दिया कि बालिकाओं के पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत नियमित कक्षाओं का संचालन, अध्ययन सामग्री की उपलब्धता और आवश्यकतानुसार शिक्षकों की व्यवस्था करने को कहा गया।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर जोर: डीएम ने स्वास्थ्य एवं टीकाकरण से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की और अधिकारियों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही बालिका गृह में स्वच्छता और पोषण मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
सर्वांगीण विकास पर बल: उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बालिकाओं के मानसिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ परामर्श, कौशल विकास और मनोरंजनात्मक गतिविधियों का भी नियमित आयोजन किया जाए। इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी गोपाल मिश्रा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा), सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति के सदस्य, बुनियाद केंद्र के परामर्शी तथा जिला बाल संरक्षण इकाई के अन्य पदाधिकारी और कर्मी मौजूद थे।






Total views : 74692