बेगूसराय। 29 अप्रैल 2025मंगलवार की शाम बेगूसराय जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार रथ बेगूसराय के सभी प्रखंडों में जायेगी। जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ा रही है। बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन हो रहा है। जिसमें फुटबॉल की मेजबानी बेगूसराय को मिला है। देशभर से चयनित महिला और पुरुष फुटबॉल की 8- 8 टीमें बेगूसराय में फुटबाल महाकुंभ में हिस्सा लेगी। यह हम सबों के लिए एक बड़ा अवसर है। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन बेगूसराय और खेल विभाग पुरी तरह से तैयार है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 मई को खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 का पटना में उद्घाटन करेंगे।4 मई से 15 मई तक बेगूसराय में फुटबॉल महाकुंभ का आयोजन होगा। टीम के रहने से लेकर खाने तक और खेल के अभ्यास से लेकर प्रतियोगिता तक आने जाने के लिए राष्ट्रीय स्तर की व्यवस्था की जा रही है।इस राष्ट्रीय आयोजन की सफलता के लिए 23 कोषांग बनाए गए हैं. जिले के स्कूल संचालकों से भी बच्चों के साथ मैच देखने आने की उन्होंने अपील की। उन्होंने संपूर्ण जिले वासियों से इसमें बढ़ चढ़ कर भाग लेने का संदेश दिया। बेगूसराय में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय फुटबाल टूर्नामेंट बेगूसराय के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पहली बार इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और दर्शकों का समागम बेगूसराय में लगने जा रहा है। जिससे न सिर्फ खेल को बढ़ावा मिलेगा बल्कि बेगूसराय को एक अलग पहचान मिलेगी। यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। वैभव सूर्यवंशी इसका एक बड़ा उदाहरण है।