बेगूसराय, 26 सितंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वस्त्र मंत्री व बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने की। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, नगर विधायक कुंदन कुमार, मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेन्द्र पासवान, नगर निगम की महापौर पिंकी देवी समेत जिले के सभी प्रखंड प्रमुख, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, परिवहन पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सड़क और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्या
बैठक में सबसे पहले सड़क से जुड़े मुद्दे सामने आए। मंत्री ने जिन इलाकों में बाढ़ के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, उनकी मरम्मति का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया। शाम्हो–लखीसराय पथ को ऊँचा कर बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिस पर कार्रवाई के आदेश दिए गए।
नल-जल योजना पर नाराजगी:
नल-जल योजना को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। पानी की आपूर्ति नहीं होने और टंकी–पाइपलाइन जर्जर होने की शिकायत पर मंत्री ने पीएचईडी अधिकारियों से दस दिनों के भीतर सभी गड़बड़ियों को दुरुस्त करने को कहा। वहीं, पंपचालक ऑपरेटरों का लंबित मानदेय जल्द भुगतान करने का निर्देश दिया गया।
आपूर्ति विभाग और खाद्यान: वितरण आपूर्ति विभाग की समीक्षा में कहा गया कि जिन क्षेत्रों में बाढ़ के कारण खाद्यान आपूर्ति बाधित रही थी, वहां दुर्गा पूजा से पूर्व लंबित राशन उपलब्ध कराया जाए।
बुडको के कार्यों पर असंतोष: बैठक में बुडको द्वारा शहर में किए जा रहे अधूरे कार्यों पर असंतोष व्यक्त किया गया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी सड़क पर कार्य शुरू करने के बाद उसे पूरा कर ही आगे बढ़ें, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।

पर्व-त्योहारों की तैयारियाँ: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त को निर्देश दिया गया कि सड़कों की मरम्मति जल्द पूरी कराई जाए और शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे और अन्य विभागों पर निर्देश: रेलवे विभाग द्वारा कई स्थानों पर समय पर एनओसी नहीं देने पर नाराजगी जताई गई और शीघ्र अनुमति जारी करने का निर्देश दिया गया, ताकि लंबित कार्य पूरे किए जा सकें। साथ ही अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई और अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों को निर्देश और शुभकामनाएँ: मंत्री ने कहा कि समिति की बैठक में उठाए गए मुद्दों पर अधिकारी स्वयं संज्ञान लें और समय पर कार्य पूरा करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया और सभी को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएँ दीं। बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सांसद, विधायक, विधान पार्षद सहित सभी जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापन किया और उठाए गए मामलों की लगातार समीक्षा का आश्वासन दिया।






Total views : 75871