सत्य, अहिंसा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
बेगूसराय | 30 जनवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला प्रशासन बेगूसराय द्वारा कारगिल विजय सभा भवन एवं स्वर्ण जयंती पुस्तकालय परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।

वरीय पदाधिकारियों की रही उपस्थिति: श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, नगर निगम बेगूसराय के महापौर सहित जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रपिता के अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक : जिलाधिकारी
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य, अहिंसा, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द पर आधारित गांधीजी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी के आदर्शों को आत्मसात कर एक सशक्त, शांतिपूर्ण एवं समावेशी समाज का निर्माण किया जा सकता है।
शांति और भाईचारे का मार्ग दिखाते हैं गांधीजी : एसपी
पुलिस अधीक्षक श्री मनीष ने महात्मा गांधी के विचारों को प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में शांति, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।
राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए संकल्प: कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।






Total views : 68936










