एलएनएमयू प्रशासन से समझौते के बावजूद मांगें लंबित, 15 अप्रैल तक जारी रहेगा आंदोलन
बेगूसराय, 10 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय कर्मचारी प्रक्षेत्रीय संघ, दरभंगा के 04 अप्रैल 2026 को आयोजित कार्यकारिणी बैठक में लिए गए सर्वसम्मत निर्णय के आलोक में एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय कर्मचारी संघ इकाई ने अपने आंदोलन की शुरुआत कर दी है। संघ की ओर से लंबित मांगों को लागू कराने के लिए 10 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन अपराह्न 01:30 बजे से 02:00 बजे तक प्राचार्य कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया गया है।
काली पट्टी लगाकर किया विरोध प्रदर्शन: इसी क्रम में शुक्रवार को आंदोलन के दूसरे दिन कर्मचारियों ने काली पट्टी लगाकर शांतिपूर्ण तरीके से प्राचार्य कक्ष का घेराव किया। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पूर्व में हुए समझौते में स्वीकार किया जा चुका है, लेकिन अब तक उन्हें धरातल पर लागू नहीं किया गया है। इस कारण कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है।
जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन: कार्यक्रम का नेतृत्व बेगूसराय जिला महाविद्यालय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार ने किया। उनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षकेत्तर कर्मियों ने आंदोलन में भाग लिया और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग दोहराई। इस प्रदर्शन में महाविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मियों—धीरज कुमार, राजीव कुमार, कुमार गौरव, स्वाती कुमारी, अरुण मालाकार, रामसेवक कुमार, कुंदन कुमार, अनिल पोद्दार, सलित कुमार झा, कारी सिंह, भानू चौधरी, समीर कुमार, मो. अजमल और अमित कुमार—ने सक्रिय भागीदारी निभाई। महाविद्यालय इकाई संघ के सचिव डॉ. मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आंदोलन 15 अप्रैल तक लगातार जारी रहेगा और यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा।







Total views : 79473