सुबह 9:30 बजे आवास पर ली अंतिम सांस
बेगूसराय | 2 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी मदन प्रसाद सिन्हा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे चित्रगुप्त नगर पोखरिया स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही जिलेभर में शोक की लहर दौड़ गई।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं समाजसेवा में अग्रणी: मदन प्रसाद सिन्हा रेलवे के एक कुशल एवं वरिष्ठ पदाधिकारी के रूप में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। इसके साथ ही वे अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की जिला इकाई के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे। गड़हरा (प्रेमनगर मोहल्ला) के मूल निवासी रहे सिन्हा जी सामाजिक कार्यों में सदैव सक्रिय भूमिका निभाते रहे।
अंतिम दर्शन को उमड़े शुभचिंतक : निधन की खबर फैलते ही पोखरिया स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लग गया। समाज के विभिन्न वर्गों के लोग, शुभचिंतक और स्थानीय नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। दिनभर शोक संवेदना प्रकट करने वालों की भीड़ लगी रही।
परिजनों एवं समाज के लोगों ने दी श्रद्धांजलि: उनके निधन पर अभाकाम के प्रदेश उपाध्यक्ष बीनू सिंहा सहित अशोक सिंहा, समीर शेखर, संजीत कुमार, रबीश कुमार, नवीन सिंहा, संजय कुमार, रविश कुमार, एलआईसी के कुमार शांतनु सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
परिवार में शोक का माहौल: मदन प्रसाद सिन्हा अपने पीछे चार पुत्र—प्रवीण, संजीत, सचिन एवं मुकेश—और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी धर्मपत्नी सरोज देवी का निधन आठ वर्ष पूर्व हो चुका है। परिजनों के अनुसार, दिल्ली से उनके पौत्र के आगमन के बाद सिमरिया गंगा तट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।





Total views : 75832