दरभंगा/बेगूसराय | 29 नवंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय द्वारा नागेन्द्र झा महिला कॉलेज, लहेरियासराय (दरभंगा) में आयोजित दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय योग प्रतियोगिता (16–17 नवंबर 2025) में श्रीकृष्ण महिला महाविद्यालय, बेगूसराय की प्रथम सेमेस्टर की छात्रा अनुष्का कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से महाविद्यालय सहित पूरे जिले का मान बढ़ा है।

पहले राउंड में ही अनुष्का ने जीता निर्णायकों का दिल : प्रतियोगिता के प्रथम चरण में ही अनुष्का के बेहतरीन योग–प्रदर्शन ने निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनके लचीलेपन, संतुलन और अनुशासन ने सभी प्रतिभागियों में उन्हें अलग पहचान दिलाई। निर्णायकों ने खुलकर उनकी सराहना की।
ईस्ट जोन प्रतियोगिता हेतु चयन : — महाविद्यालय में उत्सव जैसा माहौल: अनुष्का कुमारी का चयन दिसंबर माह में भुवनेश्वर में आयोजित ईस्ट जोन योग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह उपलब्धि स्वयं छात्रा, महाविद्यालय और जिले के लिए गौरव का विषय है।
प्राचार्य ने दी बधाई, योग को बताया जीवन की आवश्यकता : महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बिमल कुमार ने अनुष्का को बधाई देते हुए कहा— “मिथिला विश्वविद्यालय पूरे बिहार में पहला विश्वविद्यालय है जिसने 2023 से योग प्रतियोगिता को अपने खेल कैलेंडर में शामिल किया। स्वस्थ और अनुशासित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। छात्र-छात्राओं से लेकर शिक्षकों तक सभी को इसे जीवनशैली में शामिल करना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को नई दिशा मिल रही है और खेल अब सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि करियर का बड़ा माध्यम बन चुका है।
स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. अर्चना कुमारी ने दी शुभकामनाएँ : महाविद्यालय की स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. अर्चना कुमारी ने अनुष्का को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी मेहनत व समर्पण से आने वाले दिनों में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर परिणाम की उम्मीद है।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। सकारात्मक खबरों के साथ… आपके साथ!







Total views : 63123