युद्ध विरोधी शांति मार्च निकालकर कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध
बेगूसराय, 10 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के विरोध में भाकपा माले के कार्यकर्ताओं और छात्र-युवाओं ने बुधवार को बेगूसराय में युद्ध विरोधी शांति मार्च निकाला। यह मार्च भाकपा माले के जिला कार्यालय कमलेश्वरी भवन से शुरू होकर समाहरणालय गेट तक पहुंचा, जहां एक सभा का आयोजन किया गया।
ईरानी जनता के साथ एकजुटता जताई: सभा की अध्यक्षता पार्टी नेता नवल किशोर ने की। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव सह राज्य स्थायी समिति सदस्य दिवाकर प्रसाद ने ईरान में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युद्ध में ईरान के नेता खामेई सहित सैकड़ों स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने युद्ध की कड़ी निंदा करते हुए ईरानी जनता के साथ एकजुटता जताई और अमेरिका-इजराइल गठजोड़ को मानवता का शत्रु बताया।
केंद्र सरकार की विदेश नीति पर उठाए सवाल: दिवाकर प्रसाद ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार ने देश की स्वतंत्र विदेश नीति और संप्रभुता को कमजोर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत सरकार अमेरिकी दबाव के सामने झुक गई है, जिसके कारण देश के हितों की अनदेखी हो रही है।उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव बढ़ा है और इसका असर आम लोगों पर पड़ रहा है। भाकपा माले नेता ने कहा कि युद्धोन्माद के कारण रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने सरकार से युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और संसद में इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की।
कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद: शांति मार्च और सभा में पार्टी नेता बैजू सिंह, राजेश श्रीवास्तव, मो. मोवशीर, सोनू फर्नांज, विशाल पासवान, गजेंद्र पंडित, संजय ठाकुर, तपेश्वर महतो, रामललित यादव, सर्वेदर राय और मुकेश सदा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।








Total views : 73500