बेगूसराय/बरौनी रिफाइनरी। 26.11.2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
इंडियनऑयल की बरौनी रिफाइनरी में 26 नवंबर 2025 को संविधान दिवस सम्मानपूर्वक और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सम्मेलन कक्ष में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख सत्य प्रकाश ने किया। कार्यक्रम में कार्यकारी निदेशक (परियोजना एवं कोर ग्रुप) संजय रायज़ादा, मुख्य महा प्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर भारतीय संविधान की प्रस्तावना पाठ कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

संविधान दिवस की शुरुआत 26 नवंबर 1949 को भारत के संविधान को अपनाने के उपलक्ष्य में हुई थी। 2015 में भारत सरकार ने राजपत्र अधिसूचना के माध्यम से इस तिथि को औपचारिक रूप से संविधान दिवस घोषित किया था। इस दिवस का उद्देश्य नागरिकों में संविधान की भावना, आदर्शों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रिफाइनरी परिसर में संचालित विभिन्न विभागों ने भी अपने-अपने विभागाध्यक्षों के नेतृत्व में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। बड़े पैमाने पर हुई इस भागीदारी से संगठन में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक दायित्वों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति मजबूत संदेश गया। बरौनी रिफाइनरी ने अपने वक्तव्य में कहा कि वह सकारात्मक कार्य संस्कृति, पारदर्शिता और संवैधानिक आदर्शों को अपने हर कार्य में बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।






Total views : 63030