बेगूसराय | 11 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से महात्मा गांधी के नाम से चलने वाली रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को बचाने और केंद्र सरकार की कथित अनदेखी के विरोध में बेगूसराय मुख्यालय स्थित स्वर्ण जयंती पुस्तकालय परिसर में महात्मा गांधी की आदमकद प्रतिमा के समक्ष एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस उपवास में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
मनरेगा को बताया ग्रामीण गरीबों की जीवनरेखा: उपवास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामविलास सिंह, सुबोध कुमार, मुरलीधर मुरारी, सुबोध प्रसाद सिंह, मुकेश कुमार गुड्डू, सुनील सिंह, राजेंद्र पासवान, ब्रजेश कुमार, प्रिंस रामानुज कुंवर, राकेश कुमार, नाज हसन, श्रीराम सिंह, बिपिन सिंह, रामजपन सिंह, रणजीत कुमार मुखिया, विक्रम कुमार सहित अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मनरेगा जैसी जनहितकारी योजना के बजट में लगातार कटौती कर रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार का गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है।
बजट कटौती से बढ़ेगा पलायन : कांग्रेस: कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों के लिए जीवनरेखा है, जिसके माध्यम से लाखों परिवारों को रोजगार मिलता है। यदि इस योजना को कमजोर किया गया तो गांवों में बेरोजगारी बढ़ेगी और पलायन की समस्या और गंभीर हो जाएगी।
समय पर मजदूरी भुगतान की मांग: कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन ने केंद्र सरकार से मनरेगा को पूरी मजबूती के साथ लागू करने और मजदूरों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
नारेबाजी कर लिया संकल्प: उपवास के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मनरेगा को बचाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।






Total views : 68940










