बेगूसराय | 18 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भारत सरकार द्वारा मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने के फैसले के विरोध में बेगूसराय जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को सुहिर्द नगर चौक पर सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ‘सार्जन’ ने की। इस दौरान गांधी जी की प्रतिमा स्थापित कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।
सरकार पर ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के अपमान का आरोप: सत्याग्रह को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी से लेकर पंडित जवाहरलाल नेहरू तक के विचारों और योगदान को लगातार अपमानित कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार द्वारा शुरू की गई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना ग्रामीण गरीबों के लिए आजीविका का मजबूत साधन थी।
बजट कटौती के बाद नाम हटाने की निंदा: कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पहले मनरेगा के बजट में कटौती की गई और अब योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने का “कुत्सित प्रयास” किया जा रहा है, जिसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आरएसएस विचारधारा से जुड़ी भाजपा को न तो संविधान पर भरोसा है और न ही गांधी-नेहरू की नीतियों पर।
कई कांग्रेस नेताओं ने किया संबोधन: सत्याग्रह कार्यक्रम को कांग्रेस नेता रामविलास सिंह, सुबोध कुमार, मुरलीधर मुरारी, सतीश कुमार वीरू, कृष्ण कुमार राय, रामस्वारथ साह, सुरेंद्र प्रसाद सिंह, ब्रजेश कुमार प्रिंस, आलोक कुमार, अभिषेक कुमार, जितेंद्र कुमार, राजदेव पासवान, महिपाल सिंह, मोहम्मद जमाल, राम नरेश पासवान, ललन कुमार सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता रणजीत कुमार मुखिया, नीतीश कुमार, बैजनाथ पासवान, कैलाश, आदित्य कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ एकजुटता दिखाई।






Total views : 68948










