बेगूसराय | 24 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर दिनकर कला भवन, बेगूसराय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बालिकाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा, कौशल विकास, सुरक्षा एवं समग्र विकास को समर्पित पांच दिवसीय विशेष अभियान का औपचारिक समापन भी हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त, बेगूसराय आकाश चौधरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

बालिकाओं को समान अवसर देने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध: उद्घाटन संबोधन में उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन बालिकाओं को समान अवसर, सुरक्षित वातावरण एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः संकल्पित है। समाज के सक्रिय सहयोग से ही बालिकाओं के जीवन में वास्तविक और सकारात्मक बदलाव संभव है। मौके पर प्रेरणादायक फिल्म ‘मेरी कॉम’ का प्रदर्शन भी किया गया।
कानूनी अधिकारों व सामाजिक कुरीतियों पर जागरूकता: कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि आर्या ने बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं उनसे संबंधित कानूनों की जानकारी दी तथा आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने समय प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बालिकाओं से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया और समाज से लिंग भेदभाव, भ्रूण हत्या एवं दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक होने की अपील की। सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा) ने भी बालिकाओं के मौलिक अधिकारों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं पर अपने विचार साझा किए।
जागरूकता रैली के माध्यम से दिया गया सामाजिक संदेश: इससे पूर्व अभियान के अंतर्गत ओमर बालिका उच्च विद्यालय से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे जिला प्रोग्राम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी (मिशन शक्ति) द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली दिनकर कला भवन पहुंचकर संपन्न हुई।
उत्कृष्ट बालिकाओं का हुआ सम्मान: कार्यक्रम के समापन अवसर पर उप विकास आयुक्त द्वारा शिक्षा, खेल एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं की सराहना की गई तथा उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।







Total views : 68925










