बेगूसराय | 14 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत तीसरे दिन “स्वच्छता” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने की।
स्वच्छता से ही संभव है राष्ट्र का समग्र विकास: अपने संबोधन में डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वातावरण न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं स्वच्छ रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कॉलेज परिसर व आसपास चला स्वच्छता अभियान: कार्यक्रम के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को साफ-सफाई के महत्व, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
युवाओं की भूमिका पर स्वयंसेवकों ने रखे विचार: NSS स्वयंसेवक सचिन कुमार ने कहा कि स्वच्छता से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। यदि युवा वर्ग आज से ही स्वच्छता को अपनी आदत बना ले, तो आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ, स्वच्छ और सुंदर भारत मिलेगा। उन्होंने कहा कि NSS के माध्यम से स्वयंसेवक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की रही सहभागिता: कार्यक्रम में बड़ी संख्या में NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। इस अवसर पर स्वयंसेवक ज्योति कुमारी, मौसम कुमारी, सचिन, नीतीश, राहुल, प्रिंस, मोहित, हिटलर सहित अन्य छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम का उद्देश्यइस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत” के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाना रहा।






Total views : 68940










