नालंदा विश्वविद्यालय और विश्व शांति स्तूप राजगीर का किया भ्रमण
बेगूसराय | 7 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मुख्यमंत्री बिहार परिभ्रमण योजना के तहत शुक्रवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय जयलख अभिमान, बखरी (बेगूसराय) के 50 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की टीम ने शैक्षणिक परिभ्रमण पर नालंदा विश्वविद्यालय और विश्व शांति स्तूप, राजगीर का दर्शन किया।
ऐतिहासिक विरासत से रूबरू हुए छात्र: इस शैक्षणिक यात्रा का नेतृत्व विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरजीत कुमार सिंह ने किया। विद्यालय परिसर से प्रस्थान के समय विद्यार्थियों के चेहरों पर ऐतिहासिक धरोहरों को देखने और जानने की उत्सुकता साफ दिखाई दी। प्रधानाध्यापक ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को बिहार की गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और शिक्षा परंपरा से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है।
अनुशासन और सामाजिक समरसता का विकास: शिक्षक गौरव कुमार पाठक ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग और सामाजिक समरसता का विकास होता है। कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर बच्चे प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से अधिक प्रभावी ढंग से ज्ञान अर्जित करते हैं।
नालंदा और राजगीर का ऐतिहासिक महत्व: उन्होंने बताया कि नालंदा विश्वविद्यालय विश्व को ज्ञान की दिशा देने वाला ऐतिहासिक केंद्र रहा है, जबकि राजगीर बौद्ध धर्म के सत्य और अहिंसा का संदेश देने वाला पवित्र स्थल है। इन स्थलों का दर्शन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी अनुभव रहा।
शिक्षकों ने निभाई जिम्मेदारी: शिक्षक आनंद प्रकाश ने कहा कि इस तरह की यात्राएं बच्चों को विभिन्न क्षेत्रों के रहन-सहन, परिवेश और नई जानकारियों से अवगत कराती हैं।शैक्षणिक यात्रा के दौरान शिक्षक नीरज कुमार, सुनील ठाकुर, मसरूफ आलम, मणिभूषण निराला एवं अभिभावक सोनी कुमारी बच्चों की सुरक्षा, खान-पान और मार्गदर्शन को लेकर पूरी तरह सजग रहे।






Total views : 69889