बेगूसराय |1 अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सेंट्रल जोन बीसीए मेंस रणधीर वर्मा अंडर-19 टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में खगड़िया की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सुपौल को 30 रनों से हराकर जीत दर्ज की। यह मुकाबला 1 अप्रैल 2026 को बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप में खेला गया।खगड़िया के ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।
खगड़िया ने बनाए 287 रन: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खगड़िया की टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 287 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अमन ने शानदार 82 रन बनाए, जबकि राज मनोज ने 50 रनों का अहम योगदान दिया। सुपौल के गेंदबाजों ने बीच-बीच में विकेट जरूर निकाले, लेकिन वे रनगति पर अंकुश नहीं लगा सके।
सुपौल की कोशिश रही नाकाम: लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपौल की टीम 44.4 ओवर में 257 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से वरुण ने 72 रन की अच्छी पारी खेली, जबकि रंजीत और केशव ने 41-41 रन का योगदान दिया।इसके बावजूद टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी।
गेंदबाजी में अमन और सौरभ का कमाल: खगड़िया की ओर से गेंदबाजी में अमन और सौरभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके। इसके अलावा शोभित ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा, जबकि सुशील और अनमोल ने भी योगदान दिया।
अमन बने ‘मैन ऑफ द मैच’: बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए खगड़िया के अमन को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। यह पुरस्कार बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने प्रदान किया।आयोजन समिति के संयोजक निराला कुमार ने जानकारी दी कि 2 अप्रैल को सुपौल और समस्तीपुर के बीच अगला मुकाबला सुबह 8 बजे से खेला जाएगा। मैच में बीसीए पैनल के अंपायर आशुतोष सिन्हा और नीरज कुमार थे, जबकि स्कोरर के रूप में रामकुमार और विश्वजीत ने जिम्मेदारी निभाई।





Total views : 77987