बेगूसराय, 9 फरवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
डीएवी पब्लिक स्कूल, इटवा नगर में शिक्षक एवं विद्यार्थियों के बीच कैंसर जागरूकता एवं स्क्रीनिंग अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. संजय सिंह ने कैंसर के शुरुआती लक्षणों, समय पर जांच और बचाव के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज: डॉ. संजय सिंह ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के मुंह में लंबे समय से न भरने वाला छाला है, महिलाओं में स्तन में गांठ या खून का रिसाव हो रहा है, रजोनिवृत्ति के बाद भी अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा है या योनिमार्ग से दुर्गंधयुक्त स्राव हो रहा है, तो तुरंत जांच करानी चाहिए। इसके अलावा तिल या मस्से का तेजी से बढ़ना, या शौच के रास्ते से पस या खून आना भी गंभीर संकेत हो सकते हैं। उन्होंने अपील की कि ऐसे किसी भी लक्षण पर नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में जांच अवश्य कराएं।
स्वस्थ जीवनशैली है सबसे बड़ा बचाव: उन्होंने कहा कि कैंसर से बचाव के लिए वजन नियंत्रित रखना, वसायुक्त भोजन से परहेज, गुटका, धूम्रपान और मदिरा सेवन से दूरी बनाए रखना जरूरी है। साथ ही हरी साग-सब्जियों और फलों का अधिक सेवन करने की सलाह दी। इस अवसर पर सदर अस्पताल से डॉ. चंदन, विद्यालय की प्रधानाचार्य मिस सविता, डॉ. सिवानी, डॉ. प्रमोद, डॉ. निशिकांत, सुजीत कुमार, शबनम कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।





Total views : 69908