बेगूसराय | 10 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय नगर निगम के आगामी बजट को लेकर आयोजित “बजट संवाद” कार्यक्रम में शहर के विभिन्न संगठनों, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, पर्यावरणविदों, चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने शहर के विकास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
नागरिकों के सुझावों के आधार पर बनेगा बजट: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर पिंकी देवी ने कहा कि नगर निगम का अनुमानित बजट जागरूक नागरिकों के सुझावों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। उन्होंने सभी से अपील की कि शहर के समग्र विकास के लिए अपने अनमोल सुझाव अवश्य दें। वहीं नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर और सिटी मैनेजर राजीव रंजन सिंह ने भी नागरिकों से व्यवहारिक और उपयोगी सुझाव देने का आग्रह किया, ताकि उन्हें आगामी बजट में शामिल किया जा सके।
अंडरपास, पार्किंग और वाटर हार्वेस्टिंग पर सुझाव: कार्यक्रम में शिव प्रकाश भारद्वाज ने अंडरपास के नीचे शौचालय निर्माण, वैध पार्किंग व्यवस्था, पार्किंग बोर्ड लगाने और वाटर हार्वेस्टिंग की जिम्मेदारी तय करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही उन्होंने वेस्ट वाटर मैनेजमेंट के तहत चौर क्षेत्र में पोखर निर्माण और शहरी क्षेत्र में मैस्टिक रोड के विस्तार की बात कही। साथ ही उन्होंने शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए ओल्ड एज होम बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने जेल के पास यात्री शेड, रेलवे स्टेशन के उत्तरी क्षेत्र में शौचालय, पटेल चौक और जीडी कॉलेज के समीप जनसुविधा केंद्र तथा गांधी स्टेडियम में ओपन जिम निर्माण के लिए बजट में प्रावधान करने की बात कही। साथ ही सड़कों के दोनों किनारों पर नीम के पौधे लगाने पर जोर दिया।
सड़क, पार्किंग और जल-नल योजना पर चर्चा: पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष निशा कुमारी ने पोखड़िया जाने वाली सड़क के निर्माण, काली स्थान के पास मल्टीस्टोरेज पार्किंग, जल-नल योजना से वंचित लोगों को सुविधा देने और फुटकर दुकानदारों के लिए वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।
संस्कृति और यातायात व्यवस्था पर भी उठी आवाज: दिनकर भवन समिति के सचिव अनिल पतंग ने शहर में साहित्य और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए योजनाएं बनाने की मांग की। वहीं राजेंद्र राजा ने मंडी तक मालवाहक वाहनों की पहुंच सुनिश्चित करने और नो-एंट्री से हो रही परेशानी पर बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया।
आवारा कुत्तों और पेयजल समस्या का मुद्दा: प्रमोद मनुवंश ने शहर में आवारा कुत्तों के आतंक पर नियंत्रण की मांग उठाई। वहीं अशोक कुमार सिन्हा ने जगन्नाथ पथ की बदहाल स्थिति, एनएच के नाले की सफाई और पेयजल आपूर्ति की समस्या उठाई।
वरिष्ठ नागरिक पार्क और लाइब्रेरी का सुझाव: पूर्व प्राचार्य डा. स्वप्ना चौधरी ने पौधारोपण के बाद उसकी देखरेख सुनिश्चित करने, क्लिनिक के पास डस्टबीन लगाने, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए पार्क तथा कौशल विकास के लिए लाइब्रेरी निर्माण का सुझाव दिया।
सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण पर जोर: डा. कांति मोहन ने नागरिक सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के लिए बजट में प्रावधान करने तथा स्वामी विवेकानंद चौक पर उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी।
हेल्पलाइन, वेंडिंग जोन और ई-रिक्शा पर चर्चा: लोहियानगर के बिजेंद्र कुमार ने क्षेत्र के सुंदरीकरण, कूड़ा डंपिंग के लिए स्थान चिन्हित करने, नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर सार्वजनिक करने और एक अप्रैल से वेबसाइट शुरू करने का सुझाव दिया। वहीं नंद लाल राम ने करीब छह हजार वेंडरों के लिए वेंडिंग जोन के विस्तार और शहर के बाहर मीट-मुर्गा बाजार स्थापित करने की मांग की। प्रो. कुंदन ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और ऑडिटोरियम निर्माण का सुझाव दिया। जबकि नितेश रंजन ने ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन पर चिंता जताते हुए पंजीकरण अनिवार्य करने, शिक्षा समिति गठन और व्यवस्थित वेंडिंग जोन बनाने की बात कही।
मूलभूत समस्याओं के समाधान पर जोर: कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि नगर निगम को कूड़ा प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं पर प्राथमिकता से काम करना चाहिए। महापौर पिंकी देवी ने आश्वासन दिया कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें बजट में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व महापौर संजय कुमार, पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार अमर, रंग निर्देशक चंदन वत्स, नगर प्रबंधक अभय कुमार निराल, जितेंद्र कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।








Total views : 73505