बेगूसराय। बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को प्राचीन एवं धार्मिक रूप से महत्वपूर्ण सिमरिया धाम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पवित्र गंगा स्नान किया और चौसठ योगिनी माता काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे गंगाजल लेकर अशोक धाम पहुंचे और जलाभिषेक किया। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘अमृत लकी महोत्सव यात्रा’ की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के तहत सिमरिया धाम से अशोक धाम तक भव्य आयोजन होगा, जिसमें महा रुद्राभिषेक, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल रहेंगे। प्रसिद्ध भोजपुरी गायक व अभिनेता मनोज तिवारी भी विशेष प्रस्तुति देंगे। श्री सिन्हा ने कहा कि आज आनंद चतुर्दशी का पावन पर्व है, जो धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पुराणों के अनुसार इसी दिन समुद्र मंथन से माँ लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ था। उन्होंने बताया कि सिमरिया धाम सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां पहले कुंभ मेला भी आयोजित होता था, लेकिन विदेशी आक्रमणों से यह परंपरा बाधित हुई थी। अब यह स्थल अपनी सांस्कृतिक धारा को पुनः जीवंत कर रहा है।
विपक्ष पर हमला: पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केरल में बिहारियों की तुलना बीड़ी से करना विपक्ष की घटिया मानसिकता और नकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव के हालिया बयान “विक्ट्री बिहार में और फैक्ट्री गुजरात में नहीं चलेगा” पर पलटवार करते हुए कहा कि “जो लोग बिहार को गाली देते हैं, बिहारियों को पलायन के लिए मजबूर करते हैं और विकास में बाधक बनते हैं, वे अब अपने अंतिम चरण में हैं। बिहार की जनता ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं करेगी।”श्री सिन्हा ने कहा कि बिहार अब शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ विकास के ‘अमृतकाल’ की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य की आर्थिक व सामाजिक प्रगति के ठोस प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने बिहारवासियों से राज्य को समृद्धि के नए मुकाम पर ले जाने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। इस मौके पर स्वामी चिदात्मान जी महाराज, खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, नगर विधायक कुंदन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, जदयू जिलाध्यक्ष रूदल राय, जिला मंत्री शुभम कुमार, नीलमणि कुमार, नीरज कुमार सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।






Total views : 63030