होली 2026 के अवसर पर पूर्व मध्य रेल ने दिल्ली, पटना, बरौनी, सुपौल, सीतामढ़ी, दानापुर, पुरी और धनबाद समेत कई रूटों पर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। 20 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक 38 जोड़ी ट्रेनों की सेवाओं का विस्तार किया गया है। पूरी सूची और समय सारणी यहां पढ़ें।
बेगूसराय/पटना |17 फ़रवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ डेस्क
होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने बड़ी पहल की है। रेलवे प्रशासन ने 20 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न रूटों पर कई होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन और सेवाओं के विस्तार की घोषणा की है। इससे बिहार, दिल्ली, झारखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

दिल्ली–बरौनी, सुपौल और सीतामढ़ी के लिए स्पेशल ट्रेन: रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, नई दिल्ली–बरौनी (04054/04053), नई दिल्ली–सुपौल (04060/04059) तथा दिल्ली–सीतामढ़ी (04010/04009) स्पेशल ट्रेनें निर्धारित तिथियों में प्रतिदिन या साप्ताहिक आधार पर चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन 20 फरवरी से 8 मार्च 2026 के बीच विभिन्न तिथियों में होगा।
आनंद विहार–खुर्दी रोड और शेखपुरा रूट पर विशेष व्यवस्था : यात्रियों की सुविधा के लिए आनंद विहार टर्मिनल–खुर्दी रोड (04066/04065) और आनंद विहार टर्मिनल–शेखपुरा (04070/04069) के बीच भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च के पहले सप्ताह तक चयनित दिनों में किया जाएगा।
सेवाओं का विस्तार: दानापुर, पटना, पुरी, धनबाद समेत कई रूट शामिल: रेल प्रशासन ने कई नियमित ट्रेनों की अवधि भी बढ़ा दी है। दानापुर–आनंद विहार, पटना–पुरी, गया–धनबाद, धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस, सहरसा –जयनगर, राजगीर–पटना सहित कुल 38 जोड़ी ट्रेनों की सेवाओं का विस्तार किया गया है। यह विस्तार 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक विभिन्न तिथियों में प्रभावी रहेगा।
कुछ ट्रेनों के ठहराव समय में भी बदलाव: रेलवे ने 03257 और 03258 जैसी विशेष ट्रेनों के प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशनों पर आगमन एवं प्रस्थान समय में संशोधन किया है। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पहले आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप पर समय सारणी अवश्य जांच लें।
यात्रियों से अपील: रेल प्रशासन ने यात्रियों से अग्रिम आरक्षण कराने और भीड़भाड़ से बचने की अपील की है। होली के दौरान भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए यात्री www.enquiry.indianrail.gov.in� या NTES ऐप का उपयोग कर सकते हैं।







Total views : 70888