बेगूसराय, 30 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। सोमवार की दोपहर शहर एक बार फिर गोलियों की आवाज़ से गूंज उठा। जीडी कॉलेज रोड स्थित ममता होटल के पास बाइक सवार अपराधियों ने एक राज्यस्तरीय वॉलीबॉल खिलाड़ी को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीछे से आकर मारी गोली, दो गोलियां लगीं: प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान गोविंद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मंझौल का निवासी है और वर्तमान में रतनपुर में रह रहा था। बताया जा रहा है कि वह अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल की सर्विसिंग कराकर घर लौट रहा था।इसी दौरान हर-हर महादेव चौक से आगे बाइक सवार अपराधियों ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। अपराधियों ने गोविंद को निशाना बनाते हुए गोली चलाई, जिसमें उसे दो गोलियां लगीं और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में भर्ती, हालत नाजुक: घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV खंगाले जा रहे: घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सदर डीएसपी आंनद कुमार मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। इसके अलावा एसएफएल (फॉरेंसिक टीम) ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सदर डीएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी कर रहे मॉनिटरिंग: जिले के एसपी मनीष कुमार स्वयं इस मामले की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है ताकि घटना के पीछे के कारणों का जल्द खुलासा किया जा सके। समाचार प्रेषण तक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई थी और उसका इलाज जारी था।





Total views : 77509