बेगूसराय। 23 सितम्बर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
फुलवड़िया एवं तेघड़ा थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम अजगरबर स्थित मिलानपुर बाँध के नीचे मिले शव मामले का उद्भेदन कर लिया है। इस कांड में तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
घटना की पृष्ठभूमि: 21 सितम्बर को तेघड़ा थाना क्षेत्र के अजगरबर स्थित मिलानपुर बाँध के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मुरारी कुमार (पिता-रामाकांत सिंह, निवासी- मधुरापुर पुरवारी टोला, थाना-फुलवड़िया) के रूप में की गई। परिजनों ने 20 सितम्बर को फुलवड़िया थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक की पत्नी का मृतक के सहकर्मी प्रिंस कुमार उर्फ छोटू से प्रेम-प्रसंग था। इसी कारण पत्नी ने प्रिंस कुमार व उसके साथी आशीष कुमार उर्फ कन्हैया के साथ मिलकर मुरारी की हत्या की साजिश रची। 20 सितम्बर की रात करीब 8:30 बजे, प्रिंस कुमार ने जन्मदिन पार्टी का बहाना बनाकर मुरारी को तेघड़ा बुलाया। वहां जाते समय अजगरबर स्थित मिलानपुर बाँध के नीचे प्रिंस, आशीष और अन्य सहयोगियों ने उसका गला काटकर हत्या कर दी।
बरामदगी और गिरफ्तारियां: पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, कपड़े और चाकू बरौनी रेलवे स्टेशन वाशिंग यार्ड से बरामद किए गए।
पुलिस टीम की भूमिका: इस कांड के उद्भेदन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तेघड़ा के नेतृत्व में पु०अ०नि० अमलेश कुमार (थानाध्यक्ष तेघड़ा), पु०अ०नि० विजय कुमार सहनी (थानाध्यक्ष फुलवड़िया), पु०अ०नि० विनीत कुमार (फुलवड़िया थाना) सहित सशस्त्र बल की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।





Total views : 63194