बेगूसराय। 18 सितम्बर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आगामी दुर्गा पूजा को लेकर बेगूसराय नगर दुर्गा पूजा महासमिति के शिष्टमंडल ने सोमवार को जिलाधिकारी तुषार सिंगला को एक मांग-पत्र सौंपा। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया और कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
नगर निगम से जुड़ी प्रमुख मांगें: महासमिति ने नगर निगम से सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की। 👉 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की गई। 👉 प्रत्येक पूजा स्थल के पास ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने की बात कही गई। 👉 टूटे नाला ढक्कन, गड्ढे और सड़कों की मरम्मत कराने की आवश्यकता जताई गई। 👉 श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थाई शौचालय और पेशाबखाने की मांग भी की गई। 👉बड़ी पोखर और नौलखा पोखर पर विसर्जन के दौरान सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा उपायों की व्यवस्था करने की मांग की गई।
विधुत विभाग के लिए सुझाव : शहर में जर्जर तार बदलने और लटकते तारों को ऊंचा कराने की मांग की गई। जागरण से लेकर विसर्जन तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही गई। 3 अक्टूबर को विसर्जन रूट में बिजली बंद रखने का भी सुझाव दिया गया।
अग्निशमन और वन विभाग से अपेक्षाएं: गांधी स्टेडियम में छह अग्निशमन वाहन पानी से भरे रखने और अधिकारियों के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने की अपील की गई। गांधी चौक, कॉलेजिएट स्कूल, नगर थाना और स्वर्ण जयंती पुस्तकालय के पास पेड़ों की डाली काटकर मार्ग साफ करने का अनुरोध किया गया।
स्वास्थ्य विभाग और यातायात व्यवस्था: 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की मांग की गई। बलिदानी दुर्गा स्थान के पास भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने और वैकल्पिक मार्ग से गाड़ियों के परिचालन की अपील की गई।
महासमिति की ओर से अपील: नगर महासमिति के अध्यक्ष रामरतन कुमार ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि दुर्गा पूजा के दौरान भीड़-भाड़ और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। वहीं संरक्षक ब्रजेश कुमार प्रिंस ने बताया कि बेगूसराय शहर में लगभग 50 पूजा समितियां भव्य आयोजन करती हैं और सभी समितियां अनुशासन के साथ पूजन और विसर्जन करती हैं।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल लोग: जिलाधिकारी से मिलने वालों में संरक्षक विपिन पासवान पार्षद, ब्रजेश कुमार प्रिंस, दिलीप सिन्हा, अध्यक्ष रामरतन कुमार, महासचिव आलोक कुमार मुन्ना, उपाध्यक्ष राजेश कुमार राजा, मीडिया प्रभारी कन्हैया कुमार झा, सचिव जितेंद्र कुमार, कुंदन कुमार, अंकित कुमार, अरुण कुमार, बिट्टू कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।





Total views : 68954










