बेगूसराय, 16 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रारूप पर विचार-विमर्श के लिए सशक्त स्थायी समिति की बैठक सोमवार को नगर निगम सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर पिंकी देवी ने की। बैठक में नगरपालिका लेखा समिति द्वारा अनुशंसित बजट प्रारूप पर विस्तृत चर्चा की गई। विमर्श के बाद सदस्यों ने आंशिक संशोधन के साथ बजट को अनुमोदित करते हुए इसे अंतिम स्वीकृति के लिए नगर निगम बोर्ड के समक्ष रखने का निर्णय लिया।
526 करोड़ से अधिक की अनुमानित प्राप्ति: बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम की अनुमानित प्रारंभिक शेष राशि, आंतरिक राजस्व और सरकार से मिलने वाले अनुदानों को मिलाकर कुल 526 करोड़ 47 लाख 67 हजार 399 रुपये की प्राप्ति का अनुमान है।वहीं कुल अनुमानित व्यय 525 करोड़ 36 लाख 32 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस प्रकार बजट में वर्ष के अंत तक लगभग 1 करोड़ 11 लाख 35 हजार 399 रुपये का अनुमानित अवशेष रहने की संभावना जताई गई है।
संपत्ति कर वसूली का लक्ष्य 20 करोड़: आगामी वित्तीय वर्ष में नगर निगम ने बकाया और चालू संपत्ति कर की वसूली का लक्ष्य 20 करोड़ रुपये निर्धारित किया है। इसके अलावा स्टाम्प शुल्क, निबंधन कर, नगर संपत्तियों से किराया, विभिन्न शुल्क और यूजर चार्ज, फार्म एवं प्रकाशन बिक्री, उपकरण भाड़ा, मोबाइल टावर और दूरसंचार अवसंरचना से भी राजस्व प्राप्त करने का प्रावधान किया गया है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाले अनुदान को भी बजट की आय का प्रमुख स्रोत माना गया है।
सफाई, मरम्मत और नागरिक सुविधाओं पर खर्च: बजट में परिचालन और संरक्षण मद के अंतर्गत डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन, बिजली बिल भुगतान, मरम्मत एवं रखरखाव, इंफ्रास्ट्रक्चर एसेट्स के संरक्षण और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी इमारतों के रखरखाव पर खर्च का प्रावधान किया गया है।नगर निगम का लक्ष्य शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
विकास कार्यों के लिए कई योजनाएं प्रस्तावित: पूंजीगत व्यय के तहत कई महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया गया है। इनमें नया लैंडफिल साइट, भूमि अधिग्रहण, मार्केट कॉम्प्लेक्स और सामुदायिक भवन निर्माण, वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कंपोस्ट प्लांट, पुस्तकालय, रैन बसेरा, पार्क एवं वेडिंग जोन जैसी योजनाएं प्रमुख हैं।
इसके अलावा सड़क और पुलिया निर्माण, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक सफाई मशीनें, वाहन, कार्यालय उपकरण, टाउन प्लानिंग और जियो टैगिंग जैसी योजनाओं के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। बैठक में नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, उप नगर आयुक्त ओसामा इब्न मंसूर, सदस्य गुलशन खातून, सुलेखा कुमारी, विनय कुमार मिश्रा, नीलम देवी, गौरव कुमार, विपिन पासवान, वंदना कुमारी, नगर प्रबंधक राजीव रंजन सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।








Total views : 74782