
बेगूसराय, 09 अगस्त 2025।
शनिवार को बेगूसराय सांसद एवं केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उनके साथ जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला, मटिहानी विधायक राज कुमार सिंह, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपदा पदाधिकारी, अंचल अधिकारी शाम्हो सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।

मंत्री गिरिराज सिंह ने मटिहानी प्रखंड के खोरमपुर घाट से नाव द्वारा शाम्हो प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित पंचायतों का जायजा लिया, जिसमें बिजुलिया, सरलाही, अकबरपुर बरारी समेत अन्य गांव शामिल थे।

इस दौरान उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जिला प्रशासन को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने अंचल अधिकारी को पर्याप्त नावों की व्यवस्था करने, सूखा राशन, पॉलीथिन शीट, पशुओं के लिए चारा तथा बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आदेश दिया। ग्रामीणों ने बिजली की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराया, जिस पर डीएम ने बिजली विभाग को तत्काल व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया। गिरिराज सिंह ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन और सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करेगी और लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।