बेगूसराय। 15 सितम्बर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के रेल इतिहास में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। लगातार चार बड़ी ट्रेनों का ठहराव मिलने से जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। सोमवार की रात 9:55 बजे जोगबनी–इरोड अमृत भारत एक्सप्रेस (062202) पहली बार बेगूसराय स्टेशन पहुंची, जहां ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। यह ट्रेन लगभग 3000 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय करती है।
बेगूसराय स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत: ट्रेन के आगमन पर स्टेशन परिसर उत्सव स्थल में बदल गया। चालक और उपचालक का फूल-माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर अभिनंदन किया गया। मौके पर यात्रियों और स्थानीय नागरिकों में गजब का उत्साह देखा गया।
लगातार चार ट्रेनों का मिला ठहराव: ज्ञात हो कि हाल ही में बेगूसराय को रेलवे से जुड़ी तीन प्रमुख ट्रेनों का प्रतिदिन ठहराव मिला था। यह ठहराव रेल परामर्श समिति सदस्य दिलीप कुमार सिन्हा की पहल पर महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सुनिश्चित किया। इन ट्रेनों में शामिल हैं: 👉 सहरसा–बेंगलुरु एक्सप्रेस (प्रतिदिन) 👉 सहरसा–पुणे एक्सप्रेस (प्रतिदिन) 👉 सहरसा–अहमदाबाद एक्सप्रेस (प्रतिदिन, रविवार छोड़कर)इन ट्रेनों के चालक और उपचालक का भी बेगूसराय स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया था। इस प्रकार, कुछ ही दिनों के अंतराल में चार बड़ी ट्रेनों का ठहराव मिलना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि साबित हुआ है।
रेल परामर्श समिति सदस्य ने जताया आभार : पूर्व-मध्य रेल परामर्श समिति के सदस्य दिलीप कुमार सिन्हा ने इस उपलब्धि को बेगूसराय के लिए “मील का पत्थर” बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पूर्व-मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि “यह पहल बेगूसराय और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।”
कार्यक्रम में रही प्रमुख हस्तियां: इस अवसर पर उपस्थित रहे : पूर्व-मध्य रेल परामर्श समिति सदस्य दिलीप कुमार सिन्हा, स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार, आरपीएफ इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह, समाजसेवी सुशील कुमार राय, इंद्रजीत राय, राजेश कुमार सिन्हा, राजीव कुमार, अरुण कुमार साह साथ ही दर्जनों टीटीई, RPF/GRP पुलिस अधिकारी, स्टेशन कर्मचारी और दर्जनों रेल यात्री मौजूद रहे।
बेगूसराय के लिए ऐतिहासिक क्षण: लगातार चार ट्रेनों का ठहराव मिलने को स्थानीय लोग “ऐतिहासिक सौगात” मान रहे हैं। इससे न केवल यात्रा सुविधाओं में वृद्धि होगी बल्कि व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।







Total views : 63130