बेगूसराय, 19 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय–3’ के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर, बेगूसराय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने की।
विभिन्न विभागों से जुड़ी 29 शिकायतें हुईं दर्ज: इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। इनमें राजस्व, भूमि विवाद, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, विद्युत, आपूर्ति, मुआवजा सहित कुल 29 मामले प्रमुख रूप से शामिल रहे।
समयबद्ध समाधान को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश: जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की बात गंभीरतापूर्वक सुनी और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम का उद्देश्य:
इस अवसर पर डीएम श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। इसके माध्यम से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
वरीय अधिकारी रहे उपस्थित: जनता दरबार में विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे और मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया पर तत्परता दिखाई।






Total views : 68940










