निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र की सेवा करने की ली शपथ
बेगूसराय। 27 अप्रैल 2025
रविवार को सदर प्रखंड अंतर्गत सज्जाद नगर लारूआरा में जिला अल्पसंख्यक पत्रकार संघ के बैनर तले एक बैठक आयोजित कर नये अल्पसंख्यक पत्रकार संघ का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पत्रकार नूर आलम ने की। जबकि संचालन हाफिज व कारी मो. नेहाल उद्दीन ईशाअती ने निभाया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए और पत्रकारिता के महत्व, जिम्मेदारी तथा वर्तमान समय में पत्रकारों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। सभी वक्ताओं ने कहा कि आज के दौर में सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता के साथ पत्रकारिता करना एक बहुत बड़ी चुनौती है।हमें अपने कलम को ईमानदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए इस्तेमाल करना चाहिए। बाद में जिला अल्पसंख्यक पत्रकार संघ का गठन किया गया। जिसमेंअध्यक्ष के रूप में मो. नूर आलम, उपाध्यक्ष मो. असजद अली, उपाध्यक्ष इंजमाम वहीदी, सचिव सलीम अहमद, संयुक्त सचिव मो. कौनेन अली, संयुक्त सचिव मो. नेमतुल्लाह, संयुक्त सचिव कोमल कुमारी, कोषाध्यक्ष हाफिज मो. रूहुल्लाह चयनित किये गए।इन सभी पदाधिकारियों को कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सभी ने आशा व्यक्त की कि नई टीम पत्रकारिता के स्तर को ऊंचा उठाएगी और अल्पसंख्यक पत्रकारों की आवाज को मजबूती से बुलंद करेगी। बैठक में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़ी शब्दों में निंदा की गई। और मासूम नागरिकों की हत्या और जांबाज सैनिकों की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभी पत्रकारों ने एक स्वर में आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठाई और देश की अखंडता व एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया। मासूमों को श्रद्धांजलि देने हेतु एक मिनट का मौन रखा गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष मो. नूर आलम ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के निर्माण और विकास का एक मजबूत स्तंभ है। हमें निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए। बैठक में मो. खालिद रजा खान, मो. साजिद खान, असद इकबाल, मो. इब्रार, मो. नबी आलम, अबरार आलम, मो. जमशेद, मो. दिलदार, मो. मेराज, मो. महफूज, मो. इंजमाम बहीदी, मो. मेहताब, जितेंद्र, मो. असजद अली हाफिज, मो. रूहुल्लाह, मो. नेमतुल्लाह, साहिल अंसारी, कोमल कुमारी, ज्योति क्रांति समेत कई लोग मौजूद थे।





Total views : 68975










