ग्रुप बी के पहले मुकाबले में बरौनी सुपर किंग्स का दबदबा
बेगूसराय | 2 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में आयोजित बेगूसराय प्रीमियर लीग (BPL) के ग्रुप बी के पहले मुकाबले में बरौनी सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बेगूसराय चैलेंजर्स को 67 रनों से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बरौनी सुपर किंग्स की टीम ने निर्धारित 19 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 169 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
राहुल रॉबिन की तूफानी पारी: बरौनी सुपर किंग्स की ओर से राहुल रॉबिन ने 25 गेंदों पर 46 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं सुमन ने 29 रनों का अहम योगदान दिया। दूसरी ओर, बेगूसराय चैलेंजर्स की गेंदबाजी में युवराज और आयुष ने 2-2 विकेट झटककर टीम को कुछ हद तक संभालने का प्रयास किया।
102 रनों पर सिमटी बेगूसराय चैलेंजर्स: 169 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेगूसराय चैलेंजर्स की टीम दबाव में नजर आई और 16वें ओवर में सभी विकेट गंवाकर मात्र 102 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से युवराज ने 18 रन और अभिनव ने 17 रनों की पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।
राम की घातक गेंदबाजी: बरौनी सुपर किंग्स की जीत में गेंदबाज राम की भूमिका निर्णायक रही। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि प्रभात ने 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।
राम को मिला मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार: उत्कृष्ट गेंदबाजी के लिए राम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार संयुक्त रूप से बेगूसराय जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू सिंह, सदर बीडीओ रवि शंकर कुमार, बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, बीपीएल चेयरमैन सुमित सनी, संरक्षक कृष्ण मोहन पप्पू एवं संयोजक निराला कुमार द्वारा प्रदान किया गया।
शनिवार को खेला जाएगा अगला मुकाबला: मैच से पूर्व खिलाड़ियों से परिचय बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, बीपीएल चेयरमैन सुमित सनी, संयोजक निराला कुमार एवं राजीव कुमार द्वारा संयुक्त रूप से कराया गया। इस अवसर पर संयोजक निराला कुमार ने बताया कि अगला मुकाबला शनिवार को बलिया ब्लास्टर्स और बरौनी सुपर किंग्स के बीच खेला जाएगा।






Total views : 75841