बेगूसराय | 12 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय प्रीमियर लीग (BPL) सीजन-9 का रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। सोमवार को गांधी स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में बलिया ब्लास्टर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बरौनी सुपरकिंग्स को 52 रन से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
भव्य उद्घाटन के साथ शुरू हुआ सेमीफाइनल मुकाबला: मैच का विधिवत उद्घाटन भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, जिला प्रभारी शशिकांत उर्फ बबलू, छोटेलाल सिंह, सुनील सिंह, कुंदन भारती एवं सुमित सनी द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया।
बलिया ब्लास्टर्स की सधी हुई बल्लेबाजी: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बलिया ब्लास्टर्स की टीम ने निर्धारित 21 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाए। टीम की ओर से शांतनु ने 26 रन और गुलशन ने 22 रन का योगदान दिया। बरौनी सुपरकिंग्स की ओर से गेंदबाजी में अतुल प्रकाश और प्रभात ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट झटके।
बरौनी सुपरकिंग्स 61 रन पर सिमटी: लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरौनी सुपरकिंग्स की टीम दबाव में नजर आई और 14वें ओवर में 61 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से सुमन ने 25 रन और राहुल ने 17 रन बनाए।बलिया ब्लास्टर्स की ओर से हामिद और अजहर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए।
हामिद बने मैन ऑफ द मैच: शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हामिद को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह पुरस्कार भाजपा जिला महामंत्री राकेश पांडे और जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार ने वीरेश एवं अजय पासवान के साथ संयुक्त रूप से प्रदान किया।
कल होगा फाइनल मुकाबला: मैच के मुख्य निर्णायक शाहिद अख्तर और विश्वजीत कुमार रहे। ऑनलाइन स्कोरिंग की जिम्मेदारी राम कुमार ने निभाई, जबकि उद्घोषक के रूप में शिवम कुमार मौजूद थे।जिला क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने जानकारी दी कि बेगूसराय प्रीमियर लीग सीजन-9 का फाइनल मुकाबला मंगलवार के दिन के 11 बजे से गांधी स्टेडियम में बलिया ब्लास्टर्स बनाम मटिहानी वॉरियर्स के बीच खेला जाएगा।






Total views : 68940










