बेगूसराय | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़🗓️ दिनांक – 30 अक्टूबर 2025
नागालैंड के चुमौकेडिमा में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स (एसजीएफआई) ताइक्वांडो प्रतियोगिता (बालक अंडर-14) में बेगूसराय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार राज्य को स्वर्ण और कांस्य पदक की सौगात दी है। 28 से 30 अक्टूबर 2025 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में दल प्रबंधक सह प्रशिक्षक मो. फुरकान के नेतृत्व में बेगूसराय के युवा खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सह प्रशिक्षक नंदु कुमार ने बताया कि अखाना गमहरिया (बेगूसराय) निवासी आयुष बनर्जी — जो मघुमिता बनर्जी और प्रणव बनर्जी के पुत्र हैं — ने अंडर-38 किलोग्राम भार वर्ग में चंडीगढ़, गुजरात, विद्या भारती, नवोदय विद्यालय और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण पदक जीता। आयुष बनर्जी माउंट लिट्रा स्कूल, उलाव में कक्षा सातवीं के छात्र हैं और इससे पहले भी सीबीएसई जोनल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

उनकी इस उपलब्धि ने बेगूसराय और बिहार, दोनों का नाम रोशन किया है। वहीं, बरौनी वार्ड-19, शोकहारा निवासी आयुष कुमार — जो गीता देवी और विनोद महतो के पुत्र हैं — ने अंडर-27 किलोग्राम भार वर्ग में जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, नागालैंड और हरियाणा के खिलाड़ियों को हराकर कांस्य पदक हासिल किया। वे वर्तमान में मध्य विद्यालय, शोकहारा बरौनी के कक्षा सातवीं के छात्र हैं। इन खिलाड़ियों की शानदार सफलता पर जिला खेल पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी, बिहार ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अजय कुमार, बीटीएमयू के कार्यकारी अध्यक्ष रजनीश रंजन, जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव नंदु कुमार, संयुक्त सचिव अनिल कुमार तॉती, डीएवी एनटीपीसी कहलगांव के वरीय खेल शिक्षक रंजीत कुमार, कोच मो. फुरकान, मणिकांत, मनोज कुमार स्वर्णकार, राम सुमरन, पवन कुमार, जयशंकर चौधरी, सहित दर्जनों खेलप्रेमियों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ और बधाई दी।
प्रेरणादायक संदेश: बेगूसराय के युवा खिलाड़ियों की यह सफलता साबित करती है कि समर्पण और निरंतर मेहनत से छोटे शहरों से भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाएं उभर सकती हैं।





Total views : 68954










