केनबरा/ऑस्ट्रेलिया, वर्ल्ड न्यूज़ | 29 नवंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ |
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शनिवार को अपनी पार्टनर जोडी हेडन के साथ विवाह कर लिया। राजधानी कैनबरा स्थित ‘द लॉज’—अल्बनीज के आधिकारिक आवास—में आयोजित इस निजी समारोह में परिवार, करीबी रिश्तेदारों और उनकी कैबिनेट के चुनिंदा सदस्य मौजूद रहे। 62 वर्षीय अल्बनीज की यह दूसरी शादी है, और वे पद पर रहते हुए विवाह करने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने पिछले साल वैलेंटाइन डे पर 46 वर्षीय हेडन को प्रपोज किया था, जिसके बाद से दोनों की शादी चर्चा में थी।

शादी में कैबिनेट मंत्री जिम चाल्मर्स, पेनी वोंग, कैटी गैलाघर, रिचर्ड मार्लेस और अभिनेता राइस मुलडून शामिल हुए। वहीं हेडन की 5 साल की भतीजी एला और उनके भाई पैट्रिक ने इस विशेष अवसर के गवाह के रूप में हिस्सा लिया। समारोह के बाद ऑस्ट्रेलिया भर से दोनों को शुभकामनाएँ मिल रही हैं।
अल्बनीज ने बताया कि यदि वे इस साल मई में हुए चुनाव में दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनते, तो दो महीने के हनीमून पर जाने की योजना थी। अब नए कार्यकाल के साथ यह कपल दो हफ्ते के हनीमून पर जाएगा।

एंथनी अल्बनीज ने पहली शादी 2000 में कार्मेल टेबट से की थी, जो NSW की पूर्व पॉलिटिशियन हैं। यह विवाह 19 साल बाद 2019 में समाप्त हुआ था। पहली शादी से उनका एक बेटा नाथन है।
जोडी हेडन—जिनका जन्म बैंकस्टाउन में हुआ—सुपरएनुएशन इंडस्ट्री में दो दशक का अनुभव रखती हैं। स्कूल टीचर की बेटी हेडन ने बड़े वित्तीय संस्थानों और इंडस्ट्री फंड्स में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं।
अल्बनीज और हेडन की मुलाकात मार्च 2020 में मेलबर्न में एक डिनर इवेंट के दौरान हुई थी। बाद में उनकी दोस्ती बढ़ी और फिर उन्होंने एक साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।एंथनी अल्बनीज पिछले 30 वर्षों से सांसद और 2022 से ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री हैं। इस साल मई में हुई जीत ने उन्हें लगातार दूसरा कार्यकाल दिलाया। साधारण परिवार से उठकर राजनीति के शीर्ष तक पहुँचने की उनकी कहानी आज भी प्रेरणा देती है।







Total views : 63026