पटना | 08 मार्च 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी पटना में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पटना की समकालीन कलाकार और चित्रकला शिक्षिका शिल्पा कुमारी को उनकी कलात्मक उपलब्धियों के लिए दो अलग-अलग सम्मान प्राप्त हुए।

पटना म्यूजियम में प्रदर्शित हुईं शिल्पा की पेंटिंग : महिला दिवस के अवसर पर पटना म्यूजियम एवं महिला जागरण एवं बाल कल्याण संस्थान, पटना के संयुक्त तत्वावधान में पटना संग्रहालय की कला दीर्घा में बिहार की समकालीन वरिष्ठ महिला कलाकारों की रचनात्मक कलाकृतियों की प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में शिल्पा कुमारी की दो पेंटिंग “इनर ब्यूटी” और “स्ट्रगल” प्रदर्शित की गईं, जो महिलाओं के जीवन और उनके संघर्ष की कहानी को दर्शाती हैं। इन कलाकृतियों ने प्रदर्शनी में आए दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। महिलाओं की भावनाओं, संघर्ष और आंतरिक शक्ति को दर्शाने वाली उनकी पेंटिंग्स को काफी सराहना मिली।

कला के लिए किया गया सम्मानित: कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हरजोत कौर ने किया। इस अवसर पर बिहार संग्रहालय, पटना के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने शिल्पा कुमारी को उनकी चित्रकला की विशिष्ट योग्यता के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आईजी विकास वैभव ने दिया “गार्गी सम्मान”: इसी अवसर पर शिल्पा कुमारी को कला और संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए आईजी विकास वैभव द्वारा “गार्गी सम्मान” से भी सम्मानित किया गया।
सामाजिक विषयों को चित्रों में उकेरती हैं शिल्पा: शिल्पा कुमारी पटना की रहने वाली समकालीन कलाकार होने के साथ-साथ चित्रकला की शिक्षिका भी हैं। उनकी अधिकांश कलाकृतियां समाज में घटित घटनाओं, विशेषकर महिलाओं और बच्चियों से जुड़े विषयों पर आधारित होती हैं। अपनी कला के माध्यम से वे समाज में जागरूकता फैलाने का भी कार्य कर रही हैं। उनकी कला और सामाजिक सरोकारों को देखते हुए उन्हें पहले भी कई मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।






Total views : 73407