बेगूसराय | 29 दिसंबर 2025 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के शैक्षणिक परिदृश्य के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। स्व० विश्वनाथ सिंह शर्मा महाविद्यालय, बेगूसराय में प्रातः 11:30 बजे संयोजक सह प्रधानाचार्य डॉ. अवधेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय पत्रांक C/MERU/16048-56/26 (दिनांक 26.12.2025) के आलोक में महत्वपूर्ण समिति बैठक आयोजित की गई।
ऑफलाइन और ऑनलाइन मोड में हुई बैठक: यह बैठक डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेन लैंग्वेज के विस्तार केंद्र तथा दिनकर चेयर ऑफ रिसर्च सेंटर एंड इन्क्यूबेशन सेंटर से संबंधित थी, जो ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से संपन्न हुई। बैठक में विधायक, सीनेट सदस्य और महाविद्यालयों के प्राचार्य शामिल हुए।

इन प्रमुख सदस्यों की रही उपस्थिति: बैठक में विधायक कुन्दन कुमार, रजनीश कुमार, सीनेट सदस्य सुरेश प्रसाद राय, डॉ. भूपेन्द्र नारायण (प्राचार्य, जी.डी. कॉलेज) उपस्थित रहे। वहीं ऑनलाइन माध्यम से विधायक डॉ. विनय कुमार चौधरी, सीनेट सदस्य विजय कुमार, नोडल ऑफिसर अमृत कुमार झा ने भाग लिया।
प्रस्ताव 1: फॉरेन लैंग्वेज विभाग के लिए स्थल चयन: समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जी.डी. कॉलेज, पावर हाउस रोड स्थित परित्यक्त ओल्ड हॉस्टल परिसर में, पूर्व में बने छात्रावास के क्षेत्र को छोड़ते हुए डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेन लैंग्वेज का विस्तार केंद्र एवं छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
प्रस्ताव 2: दिनकर चेयर रिसर्च और इन्क्यूबेशन सेंटर: इसी परिसर में, पूर्व छात्रावास क्षेत्र को छोड़कर दिनकर चेयर ऑफ रिसर्च सेंटर एवं इन्क्यूबेशन सेंटर की स्थापना का भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
प्रस्ताव 3: भूमि की साफ-सफाई और विभागीय अनुमति: चयनित स्थल की साफ-सफाई, पेड़ हटाने तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए वन विभाग सहित संबंधित विभागों से अनुमति लेने का निर्णय लिया गया। इस कार्य के लिए विश्वविद्यालय द्वारा प्राचार्य, एस.बी.एस.एस. महाविद्यालय, बेगूसराय को अधिकृत किया गया, जिसे समिति ने सर्वसम्मति से अनुशंसित किया।
प्रस्ताव 4: भवन निर्माण हेतु केंद्रीय मंत्री से आग्रह: समिति ने यह भी निर्णय लिया कि फॉरेन लैंग्वेज विभाग एवं दिनकर चेयर रिसर्च और इन्क्यूबेशन सेंटर के भवन निर्माण के लिए कुलपति, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के माध्यम से केंद्रीय कपड़ा मंत्री सह सांसद बेगूसराय गिरिराज सिंह से आग्रह किया जाएगा।
अन्य प्रस्ताव: तत्काल खर्च की व्यवस्था: विश्वविद्यालय पत्रांक के आलोक में आगामी प्रारंभिक खर्च स्व० विश्वनाथ सिंह शर्मा महाविद्यालय द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि विपत्र का भुगतान प्राचार्य, जी.डी. कॉलेज, बेगूसराय द्वारा किया जाएगा। समिति ने इस प्रस्ताव का भी समर्थन किया।
बेगूसराय के लिए उपलब्धि भरा दिन: बैठक में नगर विधायक कुन्दन कुमार ने सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक की सफलता पर संयोजक डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने सभी सदस्यों को बधाई दी और इसे बेगूसराय के लिए उपलब्धि भरा दिन बताया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर महतो, रुपेश कुमार, अश्वनी कुमार, महाविद्यालय कर्मी धीरज कुमार, समीर कुमार, सलित कुमार, भानू चौधरी, तकनीकी सहायक महाशंकर वर्मा, अमित कुमार सहित अन्य लोगों ने हर्ष व्यक्त किया।







Total views : 75808