नेशनल पॉजिटिव न्यूज़। बेगूसराय। 1 दिसंबर 2025। स्पेशल रिपोर्ट
बेगूसराय जिले में लाख सरकारी प्रयासों के बावजूद पशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जिस तरह आम इंसान के लिए स्वास्थ्य महत्वपूर्ण है, उसी तरह पशुओं की सेहत भी उतनी ही जरूरी है, क्योंकि उन्हीं से हमें दूध जैसे पौष्टिक तत्व प्राप्त होते हैं। लेकिन जिले में पशु चिकित्सकों की भारी कमी ने स्थिति को जटिल बना दिया है।

जिले में 34 अस्पताल, पर 13 पद खाली: बेगूसराय जिले के 18 प्रखंडों में कुल 34 पशु अस्पताल हैं। पशु चिकित्सक के 34 पद स्वीकृत हैं, लेकिन 13 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। वर्तमान में जिले में मात्र 27 चिकित्सक व अधिकारी सेवा दे रहे हैं। जिन अस्पतालों में चिकित्सक नहीं हैं, उनमें शामिल हैं—मटिहानी, गढ़पुरा, चमथा, छौराही, तेघड़ा, भगवानपुर, भैरवार, निपानिया, सोनापुर, संजात, सादपुर, परमानंदपुर आदि। ये सभी अस्पताल बिना स्थायी चिकित्सक के चल रहे हैं। साथ ही सहायक कुक्कुट पदाधिकारी का पद भी जुलाई माह से खाली है।
बाढ़ के समय पड़ी बड़ी मुश्किल, आज भी प्रतिनियोजन पर निर्भरता : हाल ही में जिले में आई बाढ़ के दौरान चिकित्सकों की कमी ने स्थिति और गंभीर कर दी थी। 18 ब्लॉकों में से 8 ब्लॉकों में दूसरे ब्लॉक से डॉक्टरों को प्रतिनियुक्त करना पड़ा। अब भी कई अस्पतालों में दूसरे अस्पताल के डॉक्टर सप्ताह में 2 दिन ड्यूटी देकर काम चला रहे हैं।
दवा की कमी भी बनी समस्या: जिले के कई अस्पतालों को दवा उपलब्धता की समस्या झेलनी पड़ती है। हालांकि हाल में 36 प्रकार की दवा उपलब्ध कराई गई है, जबकि आवश्यकता 42 प्रकार की दवा की है।
अधिकारियों ने कहा — विभाग को भेजी गई रिपोर्ट, भरेंगे खाली पद: जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार कुमुद ने बताया कि—चिकित्सकों की कमी की सूचना विभाग को कई बार भेजी गई है। पत्राचार भी किया गया है। बहाली को लेकर आश्वासन मिला है। फिलहाल न्यूनतम दूरी वाले डॉक्टरों को खाली पदों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। शहर पशु अस्पताल में वीएस सहित 3 डॉक्टर 24×7 सेवा दे रहे हैं।
बेगूसराय जिले के ही विधायक बने पशुपालन मंत्री — समाधान की उम्मीद: नई सरकार में बछवाड़ा के विधायक सुरेंद्र मेहता को पशुपालन मंत्री बनाया गया है। जिले के पशु मंत्री होने से स्थानीय समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद बढ़ी है। डॉ. कुमुद ने कहा कि—मंत्री जी से जल्द मुलाकात कर जिले की समस्याओं को रखा जाएगा। खाली पड़े पदों को जल्द भरने की उम्मीद है। जिले में पशुओं से जुड़ी सेवाओं को मजबूत करने की संभावना बढ़ गई है।






Total views : 63010