सरकार पर बिना पुनर्वास दुकानदारों को उजाड़ने का आरोप, आर-पार की लड़ाई की चेतावनी
बीहट|18 दिसंबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बीहट नगर परिषद क्षेत्र में अविलंब वेंडिंग जोन बनाए जाने की मांग को लेकर सैकड़ों फुटकर दुकानदारों ने सोमवार को जोरदार आक्रोश मार्च निकाला। टाउन वेंडिंग कमिटी के बैनर तले आयोजित यह मार्च चांदनी चौक स्थित चंद्रशेखर द्वार से प्रारंभ होकर बाजार भ्रमण करते हुए पुनः चांदनी चौक पहुंचा। मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी सरकार और नगर प्रशासन के खिलाफ आक्रोशपूर्ण नारे लगाते रहे। मार्च के उपरांत चांदनी चौक पर आयोजित प्रतिरोध सभा की अध्यक्षता एआईवाइएफ के प्रखंड अध्यक्ष कुंदन कुमार ने की। उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं विनियमन) अधिनियम-2014 फुटकर दुकानदारों को वैध व्यापार का अधिकार देता है और अतिक्रमण हटाने से पूर्व पुनर्वास की स्पष्ट व्यवस्था का प्रावधान करता है।

सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के संयुक्त राज्य सचिव राकेश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार के बुलडोजर अभियान से सैकड़ों गरीब परिवारों की रोजी-रोटी छिन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला एवं नगर प्रशासन बिना वेंडिंग जोन बनाए दुकानों को तोड़कर फुटकर दुकानदारों पर दमन कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र वेंडिंग जोन बनाकर दुकानदारों को नहीं बसाया गया, तो नगर प्रशासन के खिलाफ आर-पार का संघर्ष शुरू किया जाएगा।
छात्र नेता रामकृष्ण ने कहा कि आजीविका का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 के अंतर्गत जीवन के अधिकार का अभिन्न हिस्सा है। बिना पुनर्वास के बेदखली असंवैधानिक है। उन्होंने नगर प्रशासन पर एनएच की जमीन पर स्वयं अतिक्रमण कर राजस्व उगाही और योजनाओं में बंदरबांट का भी गंभीर आरोप लगाया।
सभा में सौरभ कुमार, प्रियांशु सिंह, पंकज सिंह, विनोद कुमार, राजाराम, मो. लालो, राजीव साह और अभिषेक मोनू सहित कई वक्ताओं ने एक स्वर में बीहट में अविलंब वेंडिंग जोन बनाकर फुटकर दुकानदारों को व्यवसाय के लिए स्थायी जगह उपलब्ध कराने की मांग की। इस मौके पर गणेश पोद्दार, संजय साह, दीपक कुमार, राज कुमार, सावित्री देवी, माला देवी, रुखसाना खातून सहित बड़ी संख्या में फुटकर दुकानदार एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।






Total views : 68948










